परबत्ता थाना क्षेत्र के जाह्नवी चौक के पास रविवार सुबह 10 बजे भागलपुर से जा रहे ट्रक ने ऑटो को ठोकर मार दी, जिसमें दो युवकों की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद चालक ट्रक के साथ फरार हो गया। दुर्घटना में घायल एक बुजुर्ग का मायागंज अस्पताल में इलाज चल रहा है। दोनों के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है।

जानकारी के मुताबिक, सुबह 10 बजे ऑटो नवगछिया से सवारी लेकर भागलपुर जा रहा था। जाह्नवी चौक के पास पहुंचते ही अनियंत्रित ट्रक ने ठोकर मार दी। दुर्घटना में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने तीनों को इलाज के लिए मायागंज ले जाया गया, जहां पहुंचते ही डॉक्टर ने औराडीह के दक्षिणी टोला, आलमनगर, मधेपुरा के रहने वाले सुनील कुमार (33)को मृत घोषित कर दिया। वहीं अथमलगोला, पटना के रहने वाले पंकज कुमार (35) की इलाज के दौरान मौत हो गई। जबकि अठनिया दियारा, पीरपैंती के रहने वाले वकील यादव (70) की स्थिति गंभीर बनी हुई है।

पंकज और सुनील जा रहे थे सामान लाने

अथमलगोला के रहने वाले पंकज कुमार के पिता बैद्यनाथ सिंह स्वास्थ्य विभाग, नवगछिया से बुनियादी स्वास्थ्य निरीक्षक के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। वह अपने परिवार के साथ तेतरी में किराए के मकान में रहता था और ट्यूशन पढ़ाकर जीवन-यापन करता था। कुछ सामान लाने के लिए ऑटो से भागलपुर जा रहा था। दो भाइयों में वह बड़ा था। तीन साल का उसका एक बेटा है। वहीं औराडीह के दक्षिणी टोला के रहने वाले सुनील आलमनगर के नीतीश कुमार जायसवाल के हार्डवेयर की दुकान में काम करता था। वह मालिक नीतीश के साथ दुकान का कुछ सामान खरीदने भागलपुर आ रहा था। दुर्घटना में सुनील की मौत हो गयी, जबकि नीतीश बाल-बाल बच गये।

बेटी के घर से वापस जा रहे थे वकील

दुर्घटना में घायल अठनिया दियारा के वकील यादव ने बताया कि वह अपनी बेटी के घर नवगछिया के ढोलबज्जा से पीरपैंती लौट रहे थे, तभी दुर्घटना हुई। वकील के सिर और पैर में गंभीर चोट आयी है। बेटी के घर से ही उनका मोतियाबिंद का ऑपरेशन हुआ था। एक महीने बाद वे घर वापस जा रहे थे।

ऑटो में क्षमता से अधिक सवारी बिठाने से हो रही दुर्घटनाएं

ऑटो से सफर करने वाले कई यात्री हाल के दिनों में दुर्घटना के शिकार हो चुके हैं। भागलपुर व आसपास के क्षेत्रों में ऑटो चालक ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करते हैं। ऑटो चालक एक तो क्षमता से ज्यादा सवारी बिठाते हैं, ऊपर से ओवरटेक करते हैं। जहां मन होता है, वहां रोक देते हैं। एनएच पर ट्रकों की तेज रफ्तार और उनका असंतुलन साफ दिखाई पड़ता है। नो एंट्री खुलने के बाद तो शहर में भी ट्रक काफी खतरनाक साबित हो रहे है।

2017 में 65 लोगों की हुई मौत

रविवार को नवगछिया के परबत्ता थाना क्षेत्र के जाह्नवी चौक के पास सड़क दुर्घटना में दो और लोगों की मौत हो गई। नवगछिया छोटा पुलिस जिला है पर न सिर्फ अपराध, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं को लेकर हमेशा चर्चा में रहता है। यहां हर महीने औसतन पांच से ज्यादा लोगों की मौत सड़क दुर्घटना में होती है। 2017 में नवगछिया में लगभग 110 सड़क दुर्घटनाएं हुईं, जिनमें 65 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By Rishav Mishra Krishna

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *