भागलपुर। अगरतल्ला-देवघर के बीच वाया भागलपुर-बांका नई साप्ताहिक ट्रेन चलाने की कवायद शुरू कर दी गई है। रेलवे बोर्ड ने बकायदा ट्रेन नंबर और स्टेशनों पर ठहराव का समय-सारिणी जारी कर दी है। बोर्ड ने समय सारिणी को लेकर नॉर्थ-फ्रांटियर-पूर्व मध्य रेल और पूर्व रेलवे जोन मुख्यालय से सहमति ले ली है। 23 जुलाई से शुरू हो रहे श्रावणी मेले से पहले ट्रेन का परिचालन शुरू होने की उम्मीद है। अगरतला से इस ट्रेन का परिचालन हर बुधवार को किया जाएगा, जबकि देवघर से हर शुक्रवार को खुलेगी।

त्रिपुरा और असम से बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथ धाम में पूजा करने आते हैं। सीधी ट्रेन सेवा नहीं होने के कारण यहां के लोगों को काफी परेशानियां होती थीं। इस बार के रेल बजट में भी अगरतल्ला-देवघर के बीच ट्रेन चलाने का प्रस्ताव भेजा गया था। लेकिन रूट और टाइमिंग को लेकर परिचालन शुरू करने में बाधाएं आ रही थीं।

इसके बाद बोर्ड ने तीनों जोन मुख्यालय को पत्र भेजकर टाइमिंग और रूट पर विचार करने की बात कही थी। तीनों जोन ने इस पर मंथन कर बोर्ड को टाइमिंग और रूट भेज दिया। इस पर बोर्ड ने सहमति जता दी। अगरतल्ला से देवघर की 1464 किमी दूरी 39 घंटे में पूरी होगी। इस ट्रेन में स्लीपर क्लास के छह, थर्ड एसी-दो, सेकंड एसी-एक, जनरल-तीन और ब्रेक वैन गार्ड के दो कोच रहेंगे।

कटिहार-खगड़िया-मुंगेर-भागलपुर -बांका होकर जाएगी देवघर

ट्रेन संख्या 15626 डाउन हर बुधवार की रात 10 बजे अगरतल्ला से खुलेगी। गुरुवार को गुवाहटी सुबह 2.40 बजे आएगी। यहां से न्यू जलपाईगुड़ी होते हुए दोपहर 3.30 बजे कटिहार पहुंचेगी। दस मिनट रुकने के बाद कटिहार से खुलेगी। वहां से खुलकर नवगछिया 4.35 बजे, खगड़िया 5.33 बजे, मुंगेर 6.25 बजे शाम में पहुंचेगी। पांच मिनट रुकने के बाद मुंगेर से खुलेगी और रात आठ बजे भागलपुर पहुंचेगी।

भागलपुर में 15 मिनट रुकेगी और यहां से 8.15 बजे से खुलने के बाद दस बजे बांका पहुंचेगी। बांका से खुलने के बाद रात एक बजे (शुक्रवार) को देवघर पहुंचेगी। देवघर से वापसी में ट्रेन संख्या 15625 अप हर शुक्रवार की शाम 6.45 बजे खुलेगी। बांका, रात 8.15 बजे, भागलपुर 10.35 बजे आएगी और 10.50 बजे खुलेगी। यहां से खुलने के बाद मुंगेर 12.10 बजे (शनिवार), खगडि़या 12.43 बजे, नवगछिया 1.47 बजे और कटिहार सुबह 3.20 बजे पहुंचेगी। कटिहार स्टेशन में 20 मिनट रुकने के बाद रविवार की सुबह 8.15 बजे अगरतल्ला पहुंचेगी।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By Rishav Mishra Krishna

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *