भागलपुर में विक्रमशिला पुल पर जाम की स्थिति से निपटने के लिए नयी पहल की जा रही है। पुल पर पुलिस बल की संख्या बढ़ाने के लिए छह जिलों की पुलिस को पुल पर तैनात किया जायेगा।
Total Downloads: 116
भागलपुर एसएसपी आशीष भारती ने बांका, नवगछिया, मुंगेर, जमुई और खगड़िया के एसपी को पत्र लिख पुलिस अधिकारी और जवान उपलब्ध कराने का आग्रह किया है। भागलपुर के अधिकारी और जवान की तैनाती पहले से ही पुल पर है।
भागलपुर एसएसपी की मांग पर बांका से पुलिस बल उपलब्ध करा दिया गया है। एसएसपी ने सभी पांच जिलों से एक-एक एसआई और 10-10 लाठी बल उपलब्ध कराने का आग्रह किया है। उन्होंने बताया कि पुल पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती के लिए अन्य जिलों से पुलिस बल उपलब्ध कराने को कहा गया है। जाम की समस्या से निपटने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती को उन्होंने जरूरी बताया।

आश्वासन मिलते रहे पर नहीं मिला समाधान
विक्रमशिला पुल पर 16 मई से एक्सपेंशन ज्वाइंट बलदने का काम शुरू किया गया है। उसी दिन से आशंका थी कि जाम से परेशानी होगी। पहला दिन ठीक से गुजरा पर अगले दिन से परेशानी शुरू हो गयी। 16 मई से लेकर 30 मई तक लगातार भयावह जाम की स्थिति से लोगों को गुजरना पड़ रहा है।
इस संबंध में भागलपुर के एसएसपी आशीष भारती ने बताया कि जाम की स्थिति से निपटने के लिए और पुलिस बल की आवश्यकता है। मैंने पांच जिलों के एसपी से पुलिस बल उपलब्ध कराने को लेकर पत्र भेजा है। बांका से पुलिस बल उपलब्ध भी कराया गया है। कोशिश की जा रही है कि लोगों को ज्यादा परेशानी न हो।

