कहलगांव पुलिस ने अपराधी बनकर शहर के बीचों बीच चल रहे अवैध गन फैक्ट्री का भंडाफोड़ कर पुलिस ने बड़ी संख्या में निर्मित, अर्द्धनिर्मित हथियार, जिंदा गोलियां समेत हथियार बनाने का सामान बरामद किया।
Total Downloads: 83
भागलपुर व्यवहार न्यायालय परिसर में आठ अगस्त को हथियार के साथ धराये दिव्यांशु झा के घर पर हथियार बनाने की फैक्ट्री चल रही थी। सोमवार रात कहलगांव पुलिस ने हथियार तस्कर बन हथियार खरीदने के बहाने दिव्यांशु के साथी मो. इदरिश को पकड़ा। उसकी निशानदेही पर कहलगांव शहर के मुख्य बाजार क्षेत्र स्थित दिव्यांशु के घर पर चल रही मिनी गन फैक्ट्री का उद्भेदन किया।
पुलिस ने बड़ी संख्या में निर्मित तथा अर्द्धनिर्मित हथियार, गोलियां समेत पुलिस के उपयोग का इन्सास, एसएलआर और राइफल की गोलियां भी बरामद की गई। पुलिस ने शहर के काजीपुरा मोहल्ला के मो इदरिश उर्फ ईदू को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने बताया कि कोर्ट परिसर में वह भी दिव्यांशु के साथ था। दिव्यांशु हथियारों के साथ पकड़ा गया था जबकि वह भाग निकला था।

एसडीपीओ दिलनवाज अहमद ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि दिव्यांशु के बाजार स्थित घर से गन फैक्ट्री का संचालन होता है। हथियारों की खरीद-बिक्री भी होती है। दिव्यांशु जब भी घर से बाहर निकलता था तो माता-पिता को घर के अंदर बंद कर देता था और बाहर से ताला लगा देता था। जब वह भागलपुर में पकड़ा गया तो गिरोह के सदस्य ने दूसरी चाबी बनवाकर हथियारों का कारोबार करने लगा।
एसडीपीओ ने सोमवार को ग्राहक बनकर ईदू को फोन किया और एक हथियार खरीदने की इच्छा जाहिर की। ईदू एक पिस्टल लेकर एनटीपीसी के भदेर गेट के पास पहुंचा जहां पहले से सादी वर्दी में खड़ी पुलिस ने दबोच लिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने दिव्यांशु के घर छापेमारी की।

