सेंट जोसेफ स्कूल पकड़तल्ला के नौंवी कक्षा के छात्र निखिल कुमार (15) की मंगलवार सुबह सड़क हादसे में मौत हो गई। वहीं दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों बाइक से घोघा थाना क्षेत्र के जानीडिह गांव स्थित घर से कहलगांव आ रहा था।
Total Downloads: 83
इसी दौरान स्कूल से कुछ दूर पहले एक ऑटो ने ठोकर मार दी, जिसके बाद छात्र की मौत हो गई। घायल रविन्द्र को अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे भागलपुर रेफर कर दिया गया। हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने एनएच 80 को चार घंटे तक जाम रखा।
परिजनों ने बताया कि निखिल को स्कूल में स्वतंत्रता दिवस पर होनेवाले परेड के अंतिम पूर्वाभ्यास में भाग लेना था। इस कारण वह अहले सुबह घर से निकला था। छात्र निखिल के पिता गोपाल साह व्यवसायी हैं। उनके एक कर्मचारी घोघा के अठगामा गांव के 22 वर्षीय रविन्द्र कुमार मंडल के साथ निखिल कहलगांव जा रहा था। इसी दौरान हादसा हो गया।

घटना के विरोध में परिजनों और ग्रामीणों ने आमापुर गांव के निकट एनएच 80 को जाम कर दिया। घटना के बाद चालक बिना नंबर के ऑटो को छोड़कर फरार हो गया, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया। वहीं बिना नंबर की बाइक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गयी।
घटना के काफी देर बाद कहलगांव थाने की पुलिस मौके पर पहुंची, जिसे देखकर लोग आक्रोशित हो गये तथा पुलिस के एक अधिकारी के साथ हाथापाई भी की। मौके पर पहुंचे पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया तथा करीब चार घंटे बाद जाम हटवाया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिये भागलपुर भेजा।

