बौंसी के मदारी में तालाब में नहाने गई छह साल की बच्ची जब डूबने लगी तो उसे बचाने के लिए चार और बच्चे तालाब में कूद पड़े। इस दौरान दो की मौत हो गई।
Total Downloads: 83
इसमें निरंजन मंडल की बेटी नैंसी और मनोज सिंह के छह वर्षीय पुत्र अमित की मौत हो गई। घटना शनिवार दोपहर की है। दो बच्चों की हालत गंभीर है। उन्हें भागलपुर रेफर कर दिया गया है। दोनों बच्चे मदारी मध्य विद्यालय में पढ़ते थे।
शनिवार दोपहर ढाई बजे सभी बच्चे बकरी चराने के लिए गांव के बाहर बहियार गये थे। इसी बीच नैंसी कुमारी नहाने के लिए तालाब में चली गई। नैंसी को तालाब में डूबता देख पास में बकरी चरा रहे अमित, सुजीत, सचिन एवं पूजा कुमारी भी बचाने के लिए तालाब में कूद पड़े। इस क्रम में पांचों बच्चे डूबने लगे। संयोगवश गांव की एक अन्य बच्ची करिश्मा कुमारी खाना लेकर खेतों में जा रही थी। जो बच्चों को डूबता देखकर शोर मचाने लगी।

इसके बाद वहां ग्रामीणों की भीड़ जुटने लगी। लोगों ने तालाब से बच्चों को निकाला। लेकिन तब तक नैंसी की मौत हो चुकी थी। अमित के बारे में किसी को पता नहीं था। बचाए गये बच्चे में से सुमित ने बताया कि अमित भी पानी के अंदर है। इसके बाद ग्रामीणों ने जब उसे निकाला तो वह भी दम तोड़ चुका था। जबकि पूजा और सचिन की गंभीर हालत को देखकर ग्रामीण बौंसी रेफरल अस्पताल लेकर गए। जहां पर डॉ. आरके सिंह ने इलाज के बाद मायागंज रेफर कर दिया। बच्चों के डूबने की खबर से गांव में कोहराम मच गया था। घटना की सूचना पर बौंसी सीओ गोपीनाथ मंडल ने भी गांव पहुंचकर मामले की जानकारी ली।

