भागलपुर। कोतवाली इलाके के डिक्सन मोड़ रोड में बुधवार को एसएम कॉलेज में पढ़ने वाली बीसीए की छात्रा ने छेड़खानी करने पर एक लफंगे की धुनाई कर दी। इसके बाद ट्रैफिक पुलिस को सौंप दिया। युवक ने शराब पी रखी थी। आरोपित की पहचान लोदीपुर इलाके के तबहलपुर चौक, कबाड़ी टोला निवासी मु. मुन्ना के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।
Total Downloads: 82
मानसिक रूप से बीमार अपनी बहन को ढूंढने गई थी स्टेशन
छात्रा ने पुलिस को बताया कि वह एसएम कॉलेज रोड स्थित हॉस्टल में रहकर पढ़ाई करती है। वह मूल रूप से गया जिले की रहने वाली है। हॉस्टल में यहां अपने बहन के साथ रहती है। उसकी बहन मानसिक रूप से बीमार है। मंगलवार दिन में उसकी बहन कहीं चली गई थी। हॉस्टल से जानकारी मिलते ही वह अपनी बहन को ढूंढ़ने के लिए स्टेशन के लिए निकली। डिक्सन मोड़ रोड के समीप ऑटो से उतरने के बाद वह पैदल स्टेशन जा रही थी तभी बीच सड़क एक युवक ने पहले उसे धक्का दिया। इसके बाद उसका हाथ पकड़ लिया। यह देख लड़की डर गई और युवक से हाथ छुड़ाने लगी।

किसी ने नहीं की मदद, आखिरकार युवती ने दिखाई साहस
छात्रा ने बताया कि जिस वक्त बदमाश ने उसका हाथ पकड़ा उस समय काफी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए। मगर सभी तमाशबीन बने रहे। छात्रा की मदद के लिए कोई भी आगे नहीं आया। आखिरकार छात्रा ने हिम्मत दिखाते हुए युवक की धुनाई कर दी। इस दौरान छात्रा को भी चोट आई है। हंगामा होता देख पास में ही तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मी वहां पहुंचे और युवक को पकड़ लिया। युवक के मुंह से काफी दुर्गध आ रही थी। पुलिस ने जब थाने में उसका ब्रेथ एनालाइजर से टेस्ट किया तो उसके शरीर में 44 प्रतिशत अल्कोहल की मात्रा मिली। युवक के मुताबिक उसने सकरूल्लाहचक में शराब पी थी। कोतवाली इंस्पेक्टर केदारनाथ सिंह ने बताया कि मुन्ना पर दो प्राथमिकी दर्ज की गई है। जिसमें एक उत्पाद अधिनियम और दूसरा छेड़खानी की धाराओं से संबंधित है।
शहर में नहीं थम रहीं छेड़खानी की घटनाएं
शहर में छेड़खानी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। हर दिन अलग-अलग तरीके के मामले सामने आ रहे हैं। हालांकि एसएसपी आशीष भारती ने थानेदारों को सख्त निर्देश दिए हैं। बावजूद इसके लफंगों और बदमाश अपनी करतूत से बाज नहीं आ रहे हैं। आए दिन किसी न किसी महिला या युवती के साथ सरेआम छेड़खानी की घटनाएं हो रही हैं। लेकिन भीड़भाड़ वाली जगहों पर आम लोग भी तमाशबीन बने रहते हैं। ऐसे में लफंगों और बदमाशों का और मनोबल बढ़ता जा रहा है। दो दिन पहले ही परिजनों ने माउंट असीसी जूनियर सेक्शन की छात्राओं से छेड़खानी करते युवक की धुनाई की थी।


