शिक्षा विभाग ने लापरवाही बरतने वाले शिक्षकों पर बड़ी कार्रवाई की है. विभाग ने बिना सूचना के गायब रहने वाले 175 शिक्षकों को नोटिस दिया है, साथ ही इन सबों का एक दिन का वेतन काटने का भी आदेश दिया है. आपको बता दें कि शिक्षा विभाग ने 9 अगस्त को प्रदेश के सभी प्राथमिक विद्यालयों का औचक निरीक्षण कराया था.

9 अगस्त के निरीक्षण में पाया गया कि बिना सूचना के स्कूल से 124 शिक्षक गायब हैं. इस मामले को विभाग ने गंभीरता से लेते हुए इन सभी शिक्षकों के एक दिन का वेतन कटौती करते हुए अनुशासनहीनता, कर्तव्य में लापरवाही के लिए विभागीय कार्रवाई संचालित करने का निर्देश दिया है. जिन जिलों के शिक्षक ड्यूटी से गायब थे उसमें पटना के साथ अरवल, बांका, बेगूसराय, भोजपुर, दरभंगा, पूर्वी व पश्चिमी चंपारण, जमुई, जहानाबाद, कैमूर, मधेपुरा, मुंगेर, मुजफ्फपुर, नालंदा, नवादा, पूर्णिया जिले शामिल हैं.

इस विभागीय कार्रवाई से लेटलतीफ और लापरवाह बने शिक्षकों के बीच हड़कंप मचा है. वहीं, अन्य जिलों के स्कूलों में शिक्षकों की उपस्थिति नियमित देखी जा रही है. बहरहाल आज भी 18 जिलों में 51 शिक्षकों का एक बार फिर एक दिन का वेतन काटने का आदेश दिया गया है. विभाग ने इन सबों पर विभागीय कार्रवाई के निर्देश भी दिये हैं. कुल मिला कर अब तक 175 शिक्षकों पर कार्रवाई हो चुकी है.

शिक्षा मंत्री कृष्णनंदन वर्मा ने कहा है कि सरकार हर हाल में गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा बहाल करने को लेकर गंभीर है. सभी सरकारी स्कूलों में नियमित पढ़ाई और नियमित सेशन चलेगा. इसमें किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *