ट्रेन की स्लीपर बोगी में सफर कर रही महिला से चलती ट्रेन में छेड़खानी की गई। घटना किऊल-झाझा रेल खंड पर जमुई स्टेशन के पास डाउन राजेंद्रनगर-दुर्ग साउथ बिहार एक्सप्रेस ट्रेन में रविवार को हुई।
मामले में पीड़िता ने अपने पति व अन्य यात्रियों की मदद से आरोपी शोहदे को दबोचकर रेल पुलिस की एस्कॉर्ट पार्टी के हवाले कर दिया। आरोपी संतोष कुमार, पिता भोला साव बख्तियारपुर बाजार का रहनेवाला बताया गया है।

झाझा रेल पुलिस के अनुसार पीड़िता कैमूर(भभुआ) जिले के नुआंव थाना क्षेत्र की रहने वाली महिला रेलयात्री ट्रेन की एस-2 बोगी में थी। बताया कि ट्रेन जब जमुई स्टेशन के करीब पहुंची तो शोहदे ने महिला के साथ अश्लील हरकत की।
इसके बाद पीड़िता ने पति व सहयात्रियों के सहयोग से उसे मौके पर ही दबोचकर गश्ती दल हवाले कर दिया था। रेल थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने बताया कि इस क्रम में पीड़िता के बयान पर मामला दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है।


