भागलपुर: अपने ही पार्टी कार्यकर्ताओं के विरोध का सामना जिलाध्यक्ष को करना पड़ रहा है। हालांकि जिलाध्यक्ष के पक्ष और विपक्ष में दो गुट उभर आए हैं। जिला जदयू अध्यक्ष विभूति गोस्वामी के कुछ निर्णय के खिलाफ पार्टी कार्यकर्ता हैं। इस विरोध में जदयू कार्यकर्ताओं ने विभूति गोस्वामी का पुतला दहन किया। सभी कार्यकर्ताओं ने एक सुर में प्रदेश से मांग की कि प्रमोद मंडल को पुन: प्रखंड अध्यक्ष एवं राकेश यादव को जिला सचिव के पद पर बहाल करते हुए दल विरोधी जिलाध्यक्ष को अविलंव पार्टी से निकाला जाए। विभूति गोस्वामी के बारे सभी जदयू कार्यकर्ताओं ने बताया कि विधानसभा चुनाव में उन्होंने हमेशा दल के प्रत्याशी को हराने के लिए कार्य किया है।

पुतला दहन का नेतृत्व प्रखंड जदयू अल्पसंख्यक सेल के अध्यक्ष मो. मोमताज आलम ने किया। मौके पर उपस्थित कार्यकर्ताओं ने कहा कि भागलपुर में जदयू को बचाना है तो विभूति गोस्वामी को पद से हटाना होगा। इस मौके पर प्रमोद मंडल एवं राकेश यादव के प्रति सभी जदयू कार्यकर्ताओं ने विश्वास जताते हुए कहा कि ये दोनों हमेशा जदयू के लिए समर्पित रहे हैं और दल को आगे बढ़ाने में उनका प्रखंड में अहम योगदान रहा है।

पुतला दहन में प्रखंड जदयू पंचायती राज प्रकोष्ठ के अध्यक्ष मो. सज्जाद आलम, गोपाल मंडल, युवा जदयू अध्यक्ष प्रदीप कुमार, श्रमिक प्रकोष्ठ के अध्यक्ष मंसूर आलम, जदयू के प्रवक्ता निगम कुमार, व्यावसायिक प्रकोष्ठ के अध्यक्ष प्रह्लाद चौधरी, महिला सेल के अध्यक्ष मीना देवी, अमडीहा पंचायत के जदयू सह पैक्स अध्यक्ष मो. मोइनुद्दीन, छोटू शर्मा, भूषण कुमार, संतोष कुमार साह, सुभाष मंडल, कमल किशोर, गणपत रजक, जनार्दन साह, संजय यादव, मुकेश कुमार, मो. सलीम, मो. बबलू, सुरेश यादव, राजेश कुमार, संदीप पंडित, डॉक्टर प्रवीण कुमार, मंटू साह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।

वहीं, जदयू महादलित प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष सरोज कुमार चौधरी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा है कि जदयू जिलाध्यक्ष विभूति गोस्वामी द्वारा निष्कासित सन्हौला प्रखंड अध्यक्ष प्रमोद मंडल के पर की गई कार्रवाई पार्टी संविधान के अनुरूप सही है। प्रमोद मंडल द्वारा जिलाध्यक्ष गोस्वामी पर लगाए गए सभी आरोप बेबुनियाद हैं और दुर्भावना से प्रेरित हैं। जिलाध्यक्ष सबसे बड़े वटवृक्ष के रूप में फैल रहे हैं।

साथ ही साथ छोटे कार्यकर्ताओं पर भी विशेष ध्यान देते हैं। सरकारी योजना हो या संगठन बूथ स्तर तक सफलतापूर्वक पहुंचाने के लिए प्रशासन और कार्यकर्ताओं के बीच अहम भूमिका निभा रहे हैं। उनके ऊपर लगाए गए ऐसे आरोपों की मैं कड़े शब्दों में भत्र्सना करता हूं। साथ ही कहा है कि मैं लोकप्रिय जिलाध्यक्ष विभूति गोस्वामी के साथ हर समस्या में खड़ा रहूंगा।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *