भागलपुर : मानव श्रृंखला की निगरानी तीन हवाई जहाज और 12 हेलीकॉप्टरों से होगी। साथ ही प्रत्येक पांच किलोमीटर पर मोबाइल से वीडियोग्राफी की जाएगी। मोबाइल जीपीएस से कनेक्ट रहेगा। प्रत्येक किलोमीटर पर सेक्टर मजिस्ट्रेट और पुलिस पदाधिकारी तैनात रहेंगे। यह जानकारी शनिवार को डीएम प्रणव कुमार ने संवाददाता सम्मेलन में दी।

मानव श्रृंखला 11.30 बजे से 12 बजे तक बनेगी। उन्होंने बताया कि प्रत्येक किलोमीटर पर एक-एक कर्मी तैनात रहेंगे। विक्रमशिला सेतु को विभिन्न सेक्टर में बांटा गया है। यहां उत्सवी माहौल रहेगा। उन्होंने कहा कि मानव श्रृंखला को लेकर माहौल बन गया है। 12 लाख के करीब लोग इसमें हिस्सा लेंगे। उन्होंने बताया कि स्कूलों में अलग से मानव श्रृंखला का आयोजन होगा। डीएम ने लोगों से अपील की है कि वे उत्साहपूर्वक मानव श्रृंखला में भाग लें।

इसे उत्सवी माहौल बनाने के लिए रंगोली, नृत्य-संगीत, गान, बैंड बाजा, झांकियों का आयोजन होगा। कटिहार, मधेपुरा, खगड़िया, मुंगेर, बांका और साहिबगंज जिले तक 360 किमी में 12 लाख लोग हाथ से हाथ मिलाएंगे। उन्होंने बताया कि जिले के सभी 3120 वार्डो में मानव श्रृंखला का आयोजन होगा। कम से कम सौ लोग इसमें हिस्सा लेंगे। प्रत्येक स्कूल के अंदर मानव श्रृंखला का आयोजन होगा। यह श्रृंखला राज्य की राजधानी पटना से जुड़ेगी। लोग सड़क के बायीं ओर खड़े रहेंगे।

महिला आइटीआइ के पास तैनात होंगे कर्मी : जिन कर्मियों को मानव श्रृंखला में कोई दायित्व नहीं मिला है, वैसे नगर निगम क्षेत्र में कार्यरत राज्य सरकार के कर्मियों को महिला आइटीआइ के पास तैनात रहने के लिए कहा गया है। नवगछिया नगर पंचायत क्षेत्र के कर्मियों को अनुमंडल कार्यालय परिसर, कहलगांव नगर पंचायत क्षेत्र के कर्मियों को शारदा पाठशाला और सुल्तानगंज नगर परिषद क्षेत्र में कार्यरत कर्मियों को प्रखंड कार्यालय में रहने के लिए कहा गया है।

वैकल्पिक मार्ग से गुजरेंगे वाहन : वाहनों को वैकल्पिक मार्ग से गुजारने का आदेश थानाध्यक्षों और अंचल अधिकारियों को दिया गया है। प्रशासनिक, पुलिस, न्यायपालिका, आयोजन में शामिल वाहन, आपातकालीन वाहन, एंबुलेंस, अग्निशमन, शव, पानी टैंकर, मीडिया के वाहन और मरीज को ढोने वाले वाहन को इस नियंत्रण से मुक्त रखा गया है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *