यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। सहरसा से दक्षिण भारत यात्रा के लिए 24 मार्च को आस्था सर्किट स्पेशल ट्रेन चलेगी।
Total Downloads: 172
15 बोगी वाली ट्रेन में 12 स्लीपर, दो एसएलआर और एक पेंट्रीकार लगा रहेगा। यात्रियों को धार्मिक स्थलों के दर्शन कराने के लिए आईआरसीटीसी यह ट्रेन चलाने वाली है। कोसी क्षेत्र से पहली बार दक्षिण भारत यात्रा के लिए आस्था सर्किट स्पेशल ट्रेन खुलेगी। पिछली बार 15 अक्टूबर 2019 को सहरसा से वैष्णो देवी यात्रा के लिए ट्रेन खुली थी।
आईआरसीटीसी के वरीय पर्यवेक्षक (पर्यटन) संजीव कुमार ने बताया कि 24 मार्च को सहरसा से दक्षिण भारत यात्रा के लिए 15 बोगी वाली आस्था सर्किट स्पेशल ट्रेन खुलेगी। ट्रेन कन्याकुमारी, रामेश्वरम, तिरुपति और मदुरई जाएगी। वहां के महत्वपूर्ण धार्मिक स्थलों का यात्रियों को दर्शन कराएगी।

11 हजार 340 रुपये प्रति यात्री लगेगा किराया
सहरसा से दक्षिण भारत की यात्रा के लिए किराया प्रति यात्री 11 हजार 340 रुपये लगेगा। वरीय पर्यवेक्षक ने कहा कि 11 हजार 340 रुपये शुल्क में ही यात्री को जाने-आने का किराया, धर्मशाला में ठहरने, भोजन, पानी और बस से धार्मिक स्थल तक ले जाने का खर्च शामिल है। टिकट बुकिंग आईआरसीटीसी की वेबसाइट irctctourism.com या ऑफिस से होगी।
12 दिन का रहेगा टूर पैकेज
दक्षिण भारत यात्रा का टूर पैकेज 12 दिन का रहेगा। ट्रेन में कोच प्रबंधक, एस्कॉर्ट, मेडिकल, चलती ट्रेन में सफाई सहित अन्य सुविधाएं रहेगी। सुबह-शाम आरती भजन के लिए ट्रेन के अंदर मंदिर की व्यवस्था रहेगी।

कामाख्या और पूरी के लिए भी आस्था सर्किट ट्रेन चलाने की योजना
सहरसा से कामाख्या और पूरी के लिए भी आस्था सर्किट ट्रेन चलाने की आईआरसीटीसी की योजना है। वरीय पर्यवेक्षक ने कहा कि कामाख्या और पूरी की यात्रा एक ही आस्था सर्किट स्पेशल ट्रेन कराएगी। इस पर विचार चल रहा है।

