21 को धूमधाम से निकाली जाएगी शिव बारात
भोले शंकर की आराधना का महापर्व महाशिवरात्रि 21 फरवरी को मनाई जाएगी। महाशिवरात्रि पर साधक चार पहर की विशेष पूजा कर सुख, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य का आशीर्वाद पाएंगे। जगतपति महादेव मंदिर के ज्योतिषाचार्य पंडित अजीत पाण्डेय ने बताया कि महाशिवरात्रि पर इस बार शाम 6:18 बजे से प्रथम पहर की पूजा शुरू होगी।
Total Downloads: 105
द्वितीय पहर की पूजा रात्रि 9:29 से और तृतीय पहर की पूजा मध्य रात्रि 12:40 बजे से, जबकि चतुर्थ पहर की पूजा भोर में 3:53 से की जाएगी। इस अवसर पर शिव की पूजा-अर्चना करने वाले भक्तों को विशेष लाभ होगा। उन्हें मनोवांछित फलों की प्राप्ति होगी। पंडित पाण्डेय ने बताया कि व्रतधारियों के लिए 21 फरवरी को सुबह 9:13 बजे से दिन-रात सर्वार्थ सिद्धि योग होने से पूजा करना श्रेष्ठ रहेगा। इस मौके पर शहर के प्रसिद्ध मंदिर बाबा जगतपति महादेव मंदिर, शिव मंदिर नयाटोला, तेतरी शिव मंदिर समेत कई शिव मंदिरों में भक्त पूजा-पाठ करेंगे।

विभिन्न मंदिरों में होगा भोलेनाथ का शृंगार
महाशिवरात्रि पर शहर भर के शिवालयों सहित अन्य मंदिरों में रुद्राभिषेक होगा। इसी क्रम में बाबा बूढ़ानाथ में भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। वहीं भगवान शिव जी का बारात गाजे-बाजे के साथ निकाली जाएगी। इस दौरान कई तरह की झांकी भी श्रद्धालुओं को देखने को मिलेगी।

