विक्रमशिला सेतु पर वाहनों के खराब हो जाने के कारण शनिवार को लोगों को फिर भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। नवगछिया से जगदीशपुर और सबौर तक दिन भर जाम लगा रहा। यही स्थिति शहर में भी रही। इस बीच बारिश ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी।
Total Downloads: 105
जाम में पूर्व केंद्रीय मंत्री शाहनवाज हुसैन भी फंसे रहे। वे भागलपुर से सहरसा जा रहे थे। शनिवार की सुबह छह बजे पाया संख्या 65 के पास बालू लदा ट्रक खराब होने से सेतु पर यातायात बाधित हो गया। नतीजतन, नवगछिया से जगदीशपुर और सबौर तक वाहनों की कतारें लग गईं। सुबह आठ बजे पुलिस ओवरलोड ट्रक हटाने का प्रयास कर ही रही थी कि 10:30 बजे पाया संख्या 110 के पास पिकअप वैन खराब हो गया।

इसी बीच आगे निकलने की होड़ में ओवरटेक करने से और जाम लग गया। गाड़ियों को लाइन में लगाने पर तीन घंटे बाद दोपहर डेढ़ बजे क्रेन से खराब पड़े वाहनों को हटाया गया। इसके बाद वन-वे कर वाहनों का परिचालन शुरू कराया गया। शाम सात बजे के बाद परिचालन सामान्य हुआ। जाम में फंसे दोपहिया चालक सुबह बारिश में भीगते रहे तो कई जोखिम उठाकर फुटपाथ पर बाइक चला रहे थे।
चार घंटे के भीतर सेतु पर दो वाहनों के खराब होने और ओवरटेक के कारण जाम की समस्या खड़ी हुई। पूर्व केंद्रीय मंत्री शाहनवाज हुसैन को भी जाम का सामना करना पड़ा। सभी वाहनों के परिचालन को रोक अलग-अलग समय में पांच एंबुलेंस को निकाला गया।

