शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए जिले में अभी तक सीसीए के तहत 109 बदमाशों को थाना बदर करने का आदेश दिया गया है। संबंधित थानों में बदमाशों को हाजरी लगानी होगी। चुनाव को लेकर अब तक हुई कार्रवाई की रिपोर्ट जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह डीएम प्रणव कुमार ने चुनाव आयोग को भेजी है।
भागलपुर और नवगछिया पुलिस ने अभी तक 293 बदमाशों के विरुद्ध सीसीए लगाने का प्रस्ताव डीएम को भेजा है। प्रस्ताव में बदमाशों के आपराधिक इतिहास की जानकारी देते हुए शांति भंग होने की आशंका जतायी गयी है। इसमें से कई बदमाशों के विरुद्ध कोर्ट में सुनवाई चल रहा है तो कईयों को कोर्ट में उपस्थित होकर पक्ष रखने के लिए नोटिस भेजा गया है। रिपोर्ट के अनुसार अब तक 1991 शस्त्र का सत्यापन किया गया है। 447 शस्त्र जमा कराया गया है।

भागलपुर और नवगछिया पुलिस ने 18808 लोगों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई करने के लिए प्रस्ताव भेजा है। उसमें से 9997 लोगों ने एसडीएम कोर्ट में उपस्थित होकर बाउण्ड भरा है। रिपोर्ट के अनुसार जिले में 28752 लीटर शराब जब्त किया गया है। चुनाव को लेकर पुलिस ने वाहन चेकिंग का अभियान तेज कर दिया है। वाहनों से 76 लाख 32 हजार 300 रुपये की वसूली की गयी है। मतदाताओं को धमकाने वाले 2549 लोगों की पहचान हुई है।


