नवगछिया : जगतपुर झील की रैयती जमीन के लिए आये दावों का सत्यापन नवगछिया के सीओ करेंगे। इसके बाद वे तुरंत जिला मुख्यालय को रिपोर्ट करेंगे। ताकि अग्रतर कार्रवाई की जा सके। फिलहाल चिह्नित सरकारी जमीन पर मनरेगा योजना से तालाब बनाने की कार्रवाई शुरू की जाए। यह निर्देश बुधवार को डीडीसी प्रतिभा रानी ने नवगछिया में सीओ को दिया।
Total Downloads: 209
जगतपुर झील को लेकर छपी खबर के बाद डीडीसी सुबह नवगछिया गई थीं और वहां झील से संबंधित तमाम कागजातों की पड़ताल की। वहां कई रैयत भी पहुंचे थे और झील में अपनी-अपनी जमीन होने का दावा कर रहे थे। इस पर डीडीसी ने सीओ को निर्देश दिया कि तमाम दावे की जांच करें और सत्यता से जिला मुख्यालय को अवगत कराएं।
बता दें कि जगतपुर झील को पर्यटन स्थल बनाने की योजना बनाई गई है। यह झील विदेशी पक्षियों की आश्रय स्थली के रूप में चर्चित है। यहां ठंड के मौसम में तीन-चार माह तक दुर्लभ पक्षी आकर निवास करते हैं। जो काफी दर्शनीय होता है। इन पक्षियों की तस्वीर लेने के लिए वाइल्ड लाइफ फोटोग्राफर भी आते हैं और दुर्लभ पक्षियों की तस्वीर कैमरे में कैद कर लौटते हैं। जगतपुर झील को लेकर वन एवं पर्यावरण विभाग भी नये टूरिस्ट स्पॉट के रूप में विस्तार करने की योजना बना रहा है। जिसमें जमीन का रोड़ा सामने आने के बाद इससे संबंधित सारी योजनाएं फिलहाल रुकी हुई हैं।

