नवगछिया : बिहार विधान परिषद में गुरुवार को नवगछिया के तिनटंगा दियारा में कटाव और मदरौनी व अन्य गांवों में गंगा के जलस्तर में वृद्धि होने से जलजमाव का मामला गूंजा। एमएलसी विनय कुमार सिंह ने इस मामले को प्रश्नकाल में उठाया। जिसके जवाब में जल संसाधन मंत्री संजय कुमार झा ने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र में बाढ़ एवं कटाव से सुरक्षा के लिए विभाग तत्परता से कार्य कर रहा है।
मंत्री ने कहा कि तिनटंगा दियारा के ज्ञानीदास-झल्लूदास टोला में बाढ़ से सुरक्षा के लिए कटाव निरोधक समिति की अनुशंसा पर 2,860 मीटर में कटाव निरोधक कार्य का योजना प्राक्कलन तकनीकी सलाहकार समिति के समक्ष रखा गया। लेकिन समिति ने मात्र एक किलोमीटर में जियो बैग से सुरक्षात्मक कार्य कराने के अलावा 1.50 किमी में शोल हटाने के कार्य की अनुशंसा की है। जिस पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
मंत्री ने कहा कि भागलपुर ज़िलान्तर्गत गंगा नदी के बायें तट पर जाह्नवी चौक से इस्माईलपुर तक तटबंध निर्माण का काम प्रगति पर है। लगभग 72 प्रतिशत काम पूरा हो गया है। इस योजना के अंतर्गत 3 स्लूईस गेट, 12 ढाला के निर्माण तथा कुल 3.00 किमी में सुरक्षात्मक कार्य का प्रावधान किया गया है।

