नवगछिया । प्रखंड सभागार में गुरुवार को पंचायत समिति की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक हंगामेदार रही। बैठक में मात्र तीन पदाधिकारी उपस्थित थे। इसको लेकर पंचायत समिति सदस्यों ने जमकर बवाल काटा। सदस्यों का कहना था कि एक भी ऐसी बैठक नहीं है जिसमें पूर्ण रूप से अधिकारी मौजूद हों। बैठक में बीडीओ गोपाल कृष्णन, कार्यक्रम पदाधिकारी, सीओ, थाना प्रभारी को छोड़कर कोई भी पदाधिकारी मौजूद नहीं थे।
कार्रवाई शुरू होने के बाद मौजूद उप प्रमुख गौतम कुमार ने विरोध करते हुए कहा कि बैठक में एक भी पदाधिकारी किसी भी मीटिंग में नहीं पहुंचते हैं। जिससे अन्य योजना और पदाधिकारी से संबंधित शिकायत दर्ज नहीं हो पाती है। इस कारण आधे से अधिक सदस्यों ने बैठक का बहिष्कार किया।
सदस्यों और उप प्रमुख ने कहा कि बैठक में प्रमुख पुत्र मानकेश्वर सिंह उर्फ मंटू बैठकर अपनी मनमानी करते हैं। उनके ऊपर कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। बैठक में भी किसी भी प्रकार की कोई योजना या मुद्दा नहीं लिया गया। उप प्रमुख ने कहा कि सीडीपीओ चंचला कुमारी द्वारा आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण नहीं किया जाता है। रजिस्टर पर केंद्र को चलाया जा रहा है।

हर एक केंद्र से 3 हजार की राशि वसूली जाती है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि सीडीपीओ कार्यालय में जाने पर नहीं मिलतीं। बीडीओ गोपाल कृष्ण ने कहा कि बैठक में कई पदाधिकारी अनुपस्थित हैं। इसको लेकर उनसे स्पष्टीकरण पूछा जाएगा कि आखिर किस परिस्थिति में वह बैठक में मौजूद नहीं हुए।

