नवगछिया: नारायणपुर प्रखंड के भवानीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बलहा गांव में चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये मूल्य के जेवरात और पानी का मोटर चोरी कर लिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद पीड़ित परिवार ने भवानीपुर थाना में शिकायत दर्ज कराई है।
पीड़ित देवेंद्र सिंह के पुत्र पंकज सिंह ने रविवार को भवानीपुर थाना में लिखित आवेदन देकर बताया कि उनका परिवार जीविकोपार्जन के लिए कई वर्षों से मध्य प्रदेश के सिंगरौली में रह रहा है। घर बंद होने का फायदा उठाकर चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ दिया और अंदर घुस गए।
चोरों ने घर के कमरों के गेट भी तोड़ दिए तथा बक्सों में रखे लाखों रुपये के जेवरात और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए। साथ ही घर में लगा पानी का मोटर भी चोरी कर लिया गया।

पंकज सिंह ने आशंका जताई है कि चोरी की इस वारदात को अंजाम देने वालों को घर की पूरी जानकारी थी। उन्होंने बताया कि चोरों ने केवल उन्हीं बक्सों को निशाना बनाया, जिनमें कीमती सामान रखा गया था। इससे घटना पूर्व नियोजित प्रतीत होती है।
परिवार के लंबे समय से गांव से बाहर रहने के कारण चोरी की सही तारीख का पता नहीं चल सका है। हालांकि ग्रामीणों के अनुसार पिछले दो-तीन दिनों से रात में कुत्तों के लगातार भौंकने की आवाज सुनाई दे रही थी, जिससे अब चोरी की आशंका जताई जा रही है।
इस संबंध में भवानीपुर थाना प्रभारी शंभू कुमार ने बताया कि पंकज सिंह के आवेदन के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है और जल्द ही चोरी में शामिल अपराधियों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

