नवगछिया: साइबर अपराधियों ने एक बार फिर ऑनलाइन ठगी की घटना को अंजाम दिया है। खरीक थाना क्षेत्र के तुलसीपुर निवासी एक महिला के बैंक खाते से संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने के बाद 47 हजार रुपये की अवैध निकासी कर ली गई। मामले को लेकर पीड़िता ने साइबर थाना नवगछिया में शिकायत दर्ज कराई है।
पीड़िता पूजा कुमारी ने बताया कि 28 मई 2026 को दोपहर करीब 1:01 बजे उनके पति के मोबाइल फोन पर एक संदिग्ध लिंक आया था। लिंक पर क्लिक करते ही मोबाइल हैक हो गया और कुछ ही देर बाद उनके बैंक खाते से 47,000 रुपये निकाल लिए गए।
जब खाते से राशि कटने की जानकारी मिली तो वे तुरंत बैंक पहुंचीं। बैंक अधिकारियों ने उन्हें साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी। इसके बाद उन्होंने राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर भी शिकायत दर्ज कराई। शिकायत संख्या 30505260065921 दर्ज की गई है।

पीड़िता ने साइबर थाना नवगछिया से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और निकाली गई राशि वापस दिलाने की मांग की है।
साइबर थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि शिकायत प्राप्त होने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई है। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की पड़ताल की जा रही है तथा आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
साइबर सुरक्षा सलाह
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अज्ञात या संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें। बैंक, केवाईसी अपडेट, इनाम या अन्य लालच से जुड़े लिंक अक्सर साइबर ठगों द्वारा भेजे जाते हैं। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की स्थिति में तुरंत 1930 हेल्पलाइन या नजदीकी साइबर थाने से संपर्क करें।

