नवगछिया। नारायणपुर प्रखंड के भवानीपुर थाना क्षेत्र में रंगदारी के दो अलग-अलग मामलों में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। नवगछिया के पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर इसकी जानकारी दी। दोनों आरोपियों को स्वास्थ्य जांच के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार पहला मामला 23 मई 2026 का है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि जयप्रकाश शर्मा एवं उसके 2-3 सहयोगियों ने उनसे रंगदारी की मांग की थी। विरोध करने पर वादी पर फायरिंग भी की गई। इस संबंध में भवानीपुर थाना कांड संख्या 120/26 दर्ज किया गया था।

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने जयप्रकाश शर्मा, पिता दल्लू शर्मा, निवासी मनोहरपुर, थाना भवानीपुर, जिला भागलपुर को गिरफ्तार कर लिया।

वहीं दूसरा मामला 30 नवंबर 2020 का है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि मो. शहन अली उर्फ साजन अली तथा उसके 2-3 साथियों ने रंगदारी मांगी थी। विरोध करने पर गाली-गलौज करते हुए मारपीट की गई थी। इस मामले में भवानीपुर (पूर्व में बिहपुर अंकित) थाना कांड संख्या 485/20 दर्ज किया गया था।

पुलिस ने बताया कि इस कांड में पूर्व में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। फरार चल रहे अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही थी। इसी क्रम में 11 जुलाई 2026 को मुख्य अभियुक्त मो. शहन अली उर्फ साजन अली, पिता मो. परवेज आलम, निवासी मधुरापुर, थाना भवानीपुर, जिला भागलपुर को गिरफ्तार कर लिया गया।

दोनों गिरफ्तार अभियुक्तों को रविवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, नारायणपुर में चिकित्सीय जांच कराने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि मामले में फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान जारी है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

deneme bonusu