एनसी ऑफिस के पास भीड़ ने घेरकर पीटा, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती
नवगछिया: नवगछिया के एनसी ऑफिस के समीप शनिवार को एक युवक की भीड़ द्वारा पिटाई किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए नवगछिया अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायल की पहचान धोबिनिया निवासी नीतीश कुमार, पिता मुरारी यादव, के रूप में हुई है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि युवक ने कथित रूप से अश्लील हरकत की थी। इस बात को लेकर आसपास के लोगों में आक्रोश फैल गया और देखते ही देखते भीड़ ने युवक को पकड़ लिया। आरोप है कि इसके बाद उसकी जमकर पिटाई कर दी गई।वहीं अस्पताल में भर्ती नीतीश कुमार ने आरोप लगाया है कि गोलू कुमार, उसके भाई और प्रमोद सिंह ने उसके साथ मारपीट की है।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मी विनोद कुमार ने बताया कि सूचना के बाद युवक को भीड़ से निकालकर अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया गया, लेकिन तब तक वह गंभीर रूप से घायल हो चुका था।अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद युवक की स्थिति पर चिकित्सकों द्वारा नजर रखी जा रही है। पुलिस ने बताया कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है और आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस यह भी जांच कर रही है कि युवक पर लगाए गए आरोप कितने सही हैं और मारपीट की घटना किन परिस्थितियों में हुई। घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है। पुलिस ने लोगों से कानून हाथ में नहीं लेने और किसी भी विवाद की सूचना प्रशासन को देने की अपील की है।

