बिहपुर | थाना क्षेत्र के लत्तीपुर गांव में बुधवार की सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक का शव अमरूद के पेड़ से लटका हुआ बरामद किया गया। मृतक की पहचान लत्तीपुर उत्तर पंचायत वार्ड संख्या 12 निवासी दिलीप यादव के पुत्र अभिषेक कुमार उर्फ छोटू (30) के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार अभिषेक का घर से वासा करीब सौ मीटर की दूरी पर स्थित है। बताया जा रहा है कि वह सुबह करीब चार बजे गाय लगाने के लिए वासा की ओर गया था। कुछ देर बाद ग्रामीणों ने उसका शव अमरूद के पेड़ से लटका देखा, जिसके बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।

घटना की सूचना मिलते ही बिहपुर थानाध्यक्ष संतोष कुमार शर्मा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की प्रक्रिया पूरी की तथा मामले की जांच के लिए एफएसएल टीम को भी सूचना दी है, ताकि वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर घटना की सच्चाई सामने आ सके।

बताया जाता है कि गत वर्ष लत्तीपुर चौक पर हुए गोलीकांड मामले में अभिषेक कुमार और उसके पिता दिलीप यादव नामजद आरोपी थे। दोनों ने 19 फरवरी को न्यायालय में समर्पण किया था और मामला फिलहाल न्यायालय में लंबित है। इस पृष्ठभूमि को ध्यान में रखते हुए पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है।

घटना के बाद मृतक की मां अनीता देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। वह पुलिस के समक्ष बेटे की हत्या किए जाने का आरोप लगाती रहीं, जिससे मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। ग्रामीणों के बीच भी घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।

परिजनों के अनुसार अभिषेक पशु आहार की दुकान चलाता था और हाल के दिनों में उसके मोबाइल फोन से करीब तीन लाख रुपये का लेनदेन हुआ था। घटना के बाद से उसका मोबाइल फोन भी गायब बताया जा रहा है, जिससे मामले में संदेह और गहरा गया है।

पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *