नवगछिया : गोपालपुर थाना क्षेत्र के डुमरिया चपरघट पंचायत स्थित कालिंदीनगर में निर्माणाधीन विद्यालय भवन की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं। लगभग एक करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस भवन की छत से मामूली बारिश में ही पानी टपकने लगा है, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है।

जानकारी के अनुसार, विद्यालय भवन में छह कमरों का निर्माण कार्य अभी पूरा भी नहीं हुआ है कि पहली ही बारिश में छत से पानी रिसने लगा। इस स्थिति को विद्यालय प्रबंधन ने भी गंभीरता से लिया है।

ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में घटिया बालू, सीमेंट और सरिया के उपयोग का आरोप लगाया है। साथ ही यह भी बताया कि निर्माण स्थल पर योजना से संबंधित कोई सूचना बोर्ड नहीं लगाया गया है, जिससे पारदर्शिता पर भी सवाल उठ रहे हैं।

बताया जा रहा है कि विभाग द्वारा हर हाल में 25 मार्च तक कार्य पूरा करने का निर्देश दिया गया था, जिसके कारण निर्माण कार्य में जल्दबाजी बरती गई।

मामले पर सहायक अभियंता उमेश कुमार ने कहा कि छत की ढलाई के समय जेई की मौजूदगी अनिवार्य होती है। छत से पानी टपकना गंभीर मामला है और इसकी जांच कराई जाएगी। यदि निर्माण में गड़बड़ी पाई गई तो संबंधित ठेकेदार से दोबारा ढलाई करवाई जाएगी।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....