नवगछिया के रंगरा थाना क्षेत्र में गंगा घाट किनारे बालू में छिपाकर रखी गई 300.37 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई है। पुलिस ने इसे बड़ी सफलता बताया है। हालांकि, इतनी बड़ी खेप मिलने के बावजूद किसी तस्कर की गिरफ्तारी नहीं होने से पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।
Total Downloads: 58
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि पुलिस को पहले से गुप्त सूचना थी, तो तस्करों को पकड़ने के लिए सख्त घेराबंदी क्यों नहीं की गई। यह भी सवाल उठ रहा है कि क्या कार्रवाई की भनक पहले ही तस्करों तक पहुंच गई थी या छापेमारी केवल औपचारिकता बनकर रह गई।
गंगा घाट क्षेत्र को लंबे समय से शराब तस्करी के लिए संवेदनशील माना जाता रहा है। ऐसे में बालू में छिपाकर इतनी बड़ी मात्रा में शराब मिलना निगरानी तंत्र की कमजोरी को दर्शाता है।

इस मामले में रंगरा थाना में कांड संख्या-48/26 दिनांक 23.02.26 के तहत बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम 2018 की धारा-30ए के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
थाना प्रभारी विश्व बंधु कुमार ने बताया कि तस्करों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।
आमजन की मांग है कि पुलिस केवल बरामदगी तक सीमित न रहे, बल्कि तस्करी के पूरे नेटवर्क का भंडाफोड़ कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई करे। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि पुलिस इस मामले में ठोस परिणाम देती है या यह मामला भी अन्य बरामदगियों की तरह कागजी कार्रवाई बनकर रह जाता है।
