नवगछिया: नवगछिया पुलिस ने नशे के खिलाफ अभियान चलाते हुए अलग-अलग थाना क्षेत्रों में बड़ी कार्रवाई की है। इस दौरान ब्राउन शुगर और भारी मात्रा में देसी शराब बरामद कर कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
प्रेस कांफ्रेंस में जानकारी देते हुए राजेश कुमार (एसपी नवगछिया) ने बताया कि मंगलवार को मिली गुप्त सूचना के आधार पर रंगरा थाना पुलिस ने छापेमारी कर ग्राम साहू टोला भवानीपुर स्थित कन्हैया कुमार के घर से कुल 7.04 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद किया।
इस कार्रवाई में रंगरा थाना क्षेत्र के साहू टोला भवानीपुर निवासी कन्हैया कुमार (पिता महेंद्र साह), गोपालपुर थाना क्षेत्र के हरनाथचक निवासी विकास कुमार (पिता स्वर्गीय भोला मंडल) तथा एक महिला अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया। इस संबंध में रंगरा थाना कांड संख्या-96/26 दर्ज कर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

वाहन जांच में 90 लीटर देसी शराब जब्त
इसी क्रम में खरीक थाना पुलिस ने वाहन जांच के दौरान नया टोला फरीदपुर में एक टोटो (रजिस्ट्रेशन संख्या BR 10 PC 1824) से कुल 90 लीटर देसी शराब बरामद किया।
पुलिस ने मौके पर ही टोटो चालक रूपेश कुमार (पिता मनोज मंडल, निवासी राघोपुर, परबत्ता थाना क्षेत्र) को गिरफ्तार कर लिया तथा वाहन को जब्त कर लिया गया।
इस मामले में खरीक थाना में सुसंगत धाराओं के तहत कांड दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
नशा कारोबारियों पर सख्त कार्रवाई जारी
एसपी राजेश कुमार ने स्पष्ट किया कि नवगछिया पुलिस जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

