बिहपुर रेलवे स्टेशन पर जनसंवाद, तीन जोड़ी एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव समेत कई मांगें उठीं
पटना के लिए सीधी डीएमयू सेवा बहाल करने, दोनों रेल ढालों पर आरओबी और वाशिंग पिट निर्माण की मांग
Total Downloads: 442
नवगछिया। रेल मंत्रालय के निर्देश पर गुरुवार को बिहपुर रेलवे स्टेशन पर देशव्यापी जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों को टिकटिंग व्यवस्था, मोबाइल एप के माध्यम से टिकट लेने और स्टेशन पर भीड़ से बचने के उपायों की जानकारी दी। इस दौरान स्थानीय नेताओं और जनप्रतिनिधियों ने बिहपुर स्टेशन से जुड़ी कई महत्वपूर्ण रेल सुविधाओं की मांग उठाई।
जनसंवाद के दौरान स्थानीय नेताओं ने बिहपुर रेलवे स्टेशन पर तीन जोड़ी एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव सुनिश्चित करने की मांग की। इसके अलावा दोनों रेल ढालों पर रोड ओवरब्रिज (आरओबी) का निर्माण कराने, रेलवे के माल गोदाम को चालू करने और स्टेशन पर वाशिंग पिट स्थापित करने की मांग रखी गई।

कार्यक्रम में पटना के लिए सीधी डीएमयू सेवा दोबारा शुरू करने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि सीधी रेल सेवा बहाल होने से यात्रियों को पटना आने-जाने में सुविधा मिलेगी। वहीं, दोनों रेल ढालों पर आरओबी बनने से आवागमन सुगम होने और रेल परिचालन के दौरान लोगों की परेशानी कम होने की उम्मीद है।
रेलवे अधिकारियों ने जनसंवाद के दौरान यात्रियों को टिकट लेने के विभिन्न विकल्पों और डिजिटल सुविधाओं के उपयोग के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम में यात्रियों की सुविधा और स्टेशन से जुड़ी समस्याओं पर भी चर्चा हुई।
इस अवसर पर सोनपुर के एडीएफएम-4 मनोज कुमार, सुशील कुमार, अमरेंद्र कुमार सिंह, स्टेशन अधीक्षक धर्मेंद्र कुमार ठाकुर, आरपीएफ इंस्पेक्टर दीपक कुमार सहित अन्य लोग मौजूद थे।
