भागलपुर। खगड़िया-पूर्णिया 140 किमी लंबे फोरलेन का निर्माण 1595 करोड़ से होगा। इसके लिए 2018 में टेंडर निकाला गया था लेकिन लोकसभा में चर्चा व केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के आश्वासन के बाद अब इसमें तेजी आई है। विभाग का कहना है कि निर्माण की प्रक्रिया जल्द शुरू होगी। टेंडर प्रक्रिया अंतिम दौड़ में है। हरियाणा की पुंज एलॉयड इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड के फाइनेंशियल बिड के कागजों की जांच हो रही है। फोरलेन निर्माण कराने का काम एनएचएआई को मिला है। एजेंसी को 300 दिन में आठ पैकेज में काम पूरा करना होगा। इसके पहले कोरोना के कारण काम में सुस्ती आ गई थी।
Total Downloads: 166
खगड़िया, भागलपुर, कटिहार और पूर्णिया होकर गुजरेगी परियोजना
एनएचएआई के अधिकारियों ने बताया कि प्रोजेक्ट का कैपिटल कॉस्ट 1,595 करोड़ है। इसमें प्रोजेक्ट कॉस्ट 1,486 करोड़ का है। परियोजना पर 1249 करोड़ सिविल कंस्ट्रक्सन पर खर्च होंगे। प्री-कंस्ट्रक्सन में 110 करोड़ खर्च का खाका तैयार किया गया है। इसमें 40 करोड़ भूमि अधिग्रहण, 40 करोड़ यूटिलिटी शिफ्टिंग, पुनर्वासित खर्च पर 20 करोड़ और 20 करोड़ अन्य प्री-कंस्ट्रक्शन कॉस्ट पर खर्च किये जाएंगे। यह परियोजना चार जिलों से होकर गुजरेगी। खगड़िया, भागलपुर, कटिहार और पूर्णिया जिले से गुजरने वाले एनएच-31 के दोनों ओर से 10-10 मीटर जमीन फोरलेन के लिए ली जानी है। परियोजना में पसराहा धंसान को लेकर स्पेशल हिदायत दी गई है। यहां की स्थलाकृति और काली मिट्टी से एनएच के धंसने की आशंका अधिक रहती है। इसलिए देवठा से नारायणपुर तक एनएच के दोनों ओर फ्लाई एश से सड़क बनाई जाएगी।
27.72 हेक्टेयर वन भूमि में लगे 28,460 पेड़ों की होगी शिफ्टिंग
परियोजना के तहत 140 किमी क्षेत्र के दोनों ओर 27.72 हैक्टेयर वन भूमि में लगे 28,460 पेड़ों की शिफ्टिंग की जाएगी। अभी एनएच 7 मीटर चौड़ा है। फोरलेन के बाद 16 मीटर चौड़ी हो जाएगी। शहरी इलाके में सर्विस लेन की चौड़ाई 2-4 मीटर होगी। अभी 1-2 मीटर ही है। हरेक 5 किमी पर ड्रेनेज शीट बनाया जाएगा। ताकि सड़क पर जलजमाव न हो। 3.25 मीटर क्रॉस सेक्शन, 10 मीटर यूटिलिटी कॉरिडोर व थ्री लेन वन साइड कैरिज-वे भी बनाया जाना है।

फोरलेन बनने से एनएच-31 की संरचना में यह होगा बदलाव
1. क्रॉस ब्रिज 1 से 4 होगा
2. बड़ा पुल 4 से 6 हो जाएगा
3. छोटा पुल 19 से 21 हो जाएगा
4. आरओबी एक से तीन हो जाएगा
5. कल्वर्ट 120 से 200 हो जाएगा
6. अंडर व ओवरपास 16 से 25 हो जाएगा
7. सर्विस रोड 14 से 32 हो जाएगा
8. स्लिप रोड 8 से 9 हो जाएगा
9. टोल प्लाजा एक से बढ़कर दो होगा
10. बस-वे की संख्या 4 से बढ़कर 15 होगी
11. ट्रक-वे की संख्या 2 से बढ़कर 8 होगी
12. रेस्ट एरिया दो से बढ़कर 6 हो जाएगी।
