बिहार सरकार ने दरभंगा जिले में प्रस्तावित कुशेश्वर स्थान बाईपास के नए एलाइनमेंट को मंजूरी दे दी है। इसकी जानकारी पथ निर्माण मंत्री इं. शैलेंद्र ने दी। यह फैसला मुख्यमंत्री की प्रगति यात्रा के दौरान की गई घोषणाओं के तहत लिया गया है।

पहले बाईपास निर्माण के लिए 3.855 किलोमीटर लंबी सड़क योजना को करीब 85 करोड़ रुपये की लागत से स्वीकृति दी गई थी। लेकिन पुराने एलाइनमेंट को लेकर कई व्यावहारिक समस्याएं सामने आई थीं। मंत्री ने बताया कि पुराना मार्ग ग्रीन फील्ड क्षेत्र और घनी बसावट वाले इलाके से होकर गुजर रहा था।

इसके कारण भूमि अधिग्रहण की लागत लगभग 100 करोड़ रुपये तक पहुंचने की आशंका थी। साथ ही, बड़ी संख्या में परिवारों के विस्थापन का खतरा भी था। सुरक्षा और यातायात की दृष्टि से भी पुराने मार्ग को उपयुक्त नहीं माना गया।

इन समस्याओं को देखते हुए जिला प्रशासन और दरभंगा के जिला पदाधिकारी के परामर्श से नया एलाइनमेंट तैयार किया गया। नए प्रस्तावित मार्ग की लंबाई अब 6.853 किलोमीटर होगी।

नए बाईपास निर्माण के लिए कुल 61.0454 एकड़ भूमि का अधिग्रहण किया जाएगा। मंत्री ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया है कि परियोजना का कार्य जल्द शुरू किया जाए और निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए।

सरकार का मानना है कि नए एलाइनमेंट से लोगों को बेहतर यातायात सुविधा मिलेगी और विस्थापन की समस्या भी काफी हद तक कम होगी।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....