नारायणपुर रेलवे स्टेशन परिसर में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में ई-रिक्शा पलटने से तीन वर्षीय बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल बच्ची की पहचान उम्माती खातून के रूप में हुई है। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल नवगछिया रेफर किया गया है।

घटना सुबह करीब 10:30 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, नारायणपुर निवासी कयूम अली की पत्नी अपनी तीन वर्षीय बेटी उम्माती खातून के साथ आधार कार्ड बनवाने के लिए सीएसपी सेंटर पहुंची थीं। इसी दौरान बच्ची खेलते-खेलते मां की नजरों से ओझल होकर पास में खड़ी एक ई-रिक्शा के समीप चली गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, खड़ी ई-रिक्शा धीरे-धीरे पीछे की ओर लुढ़कते हुए गड्ढे में पलट गया, जिसकी चपेट में आने से बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।

स्थानीय लोगों की मदद से घायल बच्ची को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, नारायणपुर पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने जांच के दौरान बच्ची के शरीर के अंदरूनी हिस्सों में गंभीर चोट होने की आशंका जताई। हालत नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने उसे अनुमंडलीय अस्पताल नवगछिया रेफर कर दिया।

घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने स्टेशन परिसर और सार्वजनिक स्थलों पर खड़े वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....