खगड़िया जिले के भाजपा के जिला महामंत्री दिनकर पासवान (29) की लाश राजेंद्रनगर-कामख्या कैपिटल एक्सप्रेस के जनरल बोगी में बुधवार को मिली। सदर रेल थाना की पुलिस ने लाश को अपने कब्जे में लेकर सदर अस्पताल पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पिता पृथ्वी पासवान के बयान पर यूडी केस दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया गया है।

Whatsapp group Join

जीआरपी थानाध्यक्ष ने बताया कि कैपिटल एक्सप्रेस के प्लेटफार्म संख्या एक पर पहुंचते ही एक रेल यात्री ने आरपीएफ को इसकी सूचना दी। आरपीएफ के एसएन सिंह ने घटना की सूचना जीआरपी को दी। जीआरपी ट्रेन के उस बोगी में पहुंचे तो वहां लग रहा था कि सीट पर एक युवक बैठा है और उसकी आंखें खुली थी।

अन्य रेल यात्रियों ने बताया कि खगड़िया से पहले से यह युवक इसी तरह से अपनी सीट पर बैठा हुआ है। कटिहार में जब एक युवक ने उसे स्पर्श किया तब पता चला कि उसकी मौत हो चुकी है। युवक के पास से मिले आधार कार्ड से उसकी पहचान हो पायी। आधार पर उसका नाम दिनकर पासवान, जिला खगड़िया, थाना मरकारी, पंचायत मारर, गांव सबलपुर लिखा था।

उसके पास एक और कार्ड मिला जिससे इस बात की जानकारी मिली कि वह भाजपा के खगड़िया जिले में महामंत्री के पद पर है। युवक के पैंट व शर्ट से मिले कागाजात के आधार पर परिजनों को सूचना दी गयी। परिजनों का कहना है कि दिनकर पटना गया था। वह मंगलवार की रात कैपिटल एक्सप्रेस से खगड़िया आ रहा था। उसकी मौत का कारण स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टरों ने मृतक का विसरा सुरक्षित रख दिया है जिसे बाद में फोरेंसिक जांच करायी जाएगी।

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *