विपिन कुमार ठाकुर, गोपालपुर : इस्माइलपुर प्रखंड में अभी भी 35 फीसदी लोग शौचालय से वंचित हैं लेकिन प्रखंड को ओडीएफ घोषित कर दिया गया है. इस्माइलपुर के जिला पार्षद विपिन कुमार मंडल ने करीब 10 दिन लगातार मेहनतकर प्रखंड के पांचों पंचायत का सर्वे किया है जिसके बाद इस बात का खुलासा हुआ है कि अभी तक पंचायत में 35 फीसदी लोग शौचालय से वंचित है.
Total Downloads: 115
हाल इस्माइलपुर प्रखंड में शौचालय निर्माण का
– 35 फीसदी लोग शौचालय से वंचित, फिर भी ओडीएफ घोषित हो गया प्रखंड
– जिला पार्षद ने जुटायी प्रमाणिक जानकारी फिर जिले के वरीय पदाधिकारियों से की शिकायत
जबकि सरकारी आंकड़ों में 95 फीसदी लोगों के शौचालय बन गये हैं और बचे पांच फीसदी लोगों के शौचालय बनवाने का काम जारी है. ऐसी स्थिति में सच क्या है यह तो जांच के बाद ही पता चलेगा लेकिन इस योजना के तहत पिछले दिनों भी शौचालय योजना में भ्रष्टाचार होने की सूचना इस्माइलपुर प्रखंड से लगातार आती रही है. जिला पार्षद इस्माइलपुर विपिन कुमार मंडल ने इस बाबत प्रमंडलीय आयुक्त, जिलाधिकारी, मुख्यमंत्री को लिखित रूप से शिकायत की है.

लगभग तीन हजार परिवार शौचालय से वंचित
जिला पार्षद विपिन कुमार मंडल ने कहा कि प्रखंड में अभी भी लगभग तीन हजार परिवार शौचालय से वंचित है जबकि प्रशासनिक स्तर के रिकार्ड में आंकड़ा नगण्य है. जिला पार्षद ने कहा कि पूर्व में भी कई ऐसे लोग हैं जिनके नाम से शौचालय की रकम का उठाव कर लिया गया है लेकिन धरातल पर शौचालय बना ही नहीं. कुछ ऐसे परिवार भी हैं जिन्हें अज्ञात कारणों से शौचालय नहीं दिये जा रहे हैं तो कुछ ऐसे जगह भी हैं जहां शौचालय बनने के साथ ही ध्वस्त हो गये.
यह है सर्वे का आंकड़ा
नारायणपुर लक्ष्मीपुर – वंचित परिवारों की संख्या : 993
पूर्वी भिट्ठा इस्माइलपुर – वंचित परिवारों की संख्या : 429
पश्चिम भिट्ठा इस्माइलपुर – वंचित परिवारों की संख्या : 390
परवत्ता – वंचित परिवारों की संख्या : 1037
कमलाकुंड – वंचित परिवारों की संख्या : 50
कहते हैं बीडीओ
इस्माइलपुर के प्रखंड विकास पदाधिकारी श्यामकिशोर शर्मा ने कहा कि जिला पार्षद का यह आंकड़ा विश्वसनीय नहीं है. लेकिन मामले की जांच गंभीरता से की जायेगी. दूसरी तरफ शौचालय निर्माण का कार्य चल रहा है. वंचित लोगों का शौचालय बनवाया जा रहा है.

