धर्म परिवर्तन का आरोप लगा कर स्थानीय लोगों के साथ मिलकर हिंदूवादी संगठनों ने शहर के बटराहा शारदा नगर मोहल्ले में रविवार की सुबह हंगामा किया। लोगों ने एक धर्म विशेष के लोगों द्वारा कुछ लोगों को गुमराह कर धर्मपरिवर्तन कराने का आरोप लगाया। हंगामे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में ले लिया है।
Total Downloads: 198
रविवार की सुबह एक घर में सैकड़ों की संख्या में महिलाएं और बच्चे प्रार्थना कर रहे थे। इसकी जानकारी जैसे ही बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकताओं सहित स्थानीय लोगों को मिली तो वे मौके पर पहुंचकर हंगामा करने लगे। कार्यक्रम का आयोजन कर रहे खगड़िया निवासी कृष्ण नंदन यादव पर लोगों ने दूसरे धर्म में परिवर्तित करने का आरोप लगा कर प्रार्थना बंद करने को कहा।

लेकिन कृष्ण नंदन यादव ने इसे अपनी आस्था से जुड़ा विषय बता कर प्रार्थना बंद करने के इंकार कर दिया। इसके बाद आक्रोशित लोगों ने जबरदस्ती कमरे में प्रवेश कर प्रार्थना को बंद करा दिया और हंगामा करने लगे। यह देख प्रार्थना कर रहे आधे से अधिक लोग भाग खड़े हुए और कई लोगों ने मकान के अन्य कमरे में अपने आप को बंद कर लिया।
घटना की जानकारी मिलने पर सदर एसडीओ शंभुनाथ झा, कहरा बीडीओ अमरेन्द्र कुमार, सदर थानाध्यक्ष मौके पर पहुंचे और लोगों से पूछताछ की। हालांकि लोगों ने धर्म परिवर्तन कराने या किसी भी प्रकार का लालच देने की बात से इंकार किया। पूछताछ के बाद कृष्ण नंदन यादव व पटना निवासी गोरखनाथ को कड़ी सुरक्षा में पुलिस सदर थाना में ले आयी।

