नवगछिया। बिहपुर सहित जमालपुर बहियार, सोनवर्षा दियारा और लत्तीपुर दियारा क्षेत्रों में शुक्रवार रात आई आंधी और बेमौसम बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। मौसम के इस अचानक बदलाव से तैयार खड़ी फसलों को भारी नुकसान पहुंचने की आशंका है।
Total Downloads: 166
बताया जा रहा है कि गेहूं की फसल पकने के अंतिम चरण में थी, जबकि मकई भी कटाई के लिए तैयार खड़ी थी। वहीं आम और लीची के पेड़ों में फूल आ चुके थे और फल लगने की प्रक्रिया शुरू हो गई थी। आंधी और बारिश के कारण गेहूं की बालियां झुक गई हैं, जबकि मकई के पौधे गिरने से नुकसान हुआ है। साथ ही आम और लीची के बागानों को भी क्षति पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।
मड़वा के किसान अरुण सनगही ने बताया कि आंधी के कारण उनकी गेहूं और मकई की फसल को काफी नुकसान हुआ है। वहीं जमालपुर के किसान एवं ‘आम चाची’ बागान से जुड़े मिट्ठू सिंह का कहना है कि मौसम की शुरुआत में ही इस तरह का नुकसान चिंताजनक है।

इस संबंध में प्रखंड कृषि पदाधिकारी ने बताया कि गेहूं की फसल में ज्यादा नुकसान तब होता है जब खेतों में जलजमाव हो जाता है। हालांकि, मकई, आम और लीची की फसलों को आंधी से अधिक क्षति होने की संभावना बनी रहती है।
स्थानीय किसानों का कहना है कि यदि ऐसे ही मौसम का उतार-चढ़ाव जारी रहा, तो इस बार उत्पादन पर बड़ा असर पड़ सकता है।
