बिहपुर प्रखंड के औलियाबाद निवासी आकांक्षा प्रियदर्शिनी ने बिहार एनसीसी द्वारा आयोजित 10 दिवसीय प्रशिक्षण एवं प्रतियोगिता शिविर में शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण पदक अपने नाम किए हैं। उनकी इस उपलब्धि से बिहपुर प्रखंड सहित नवगछिया क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

Whatsapp group Join

स्वर्ण पदक जीतने के बाद जब आकांक्षा प्रियदर्शिनी अपने पैतृक गांव औलियाबाद पहुंचीं, तो परिवार, रिश्तेदारों एवं स्थानीय लोगों ने उनका भव्य स्वागत किया। लोगों ने मिठाई खिलाकर और शुभकामनाएं देकर उनकी सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की।

जानकारी के अनुसार, बिहार एनसीसी के इस 10 दिवसीय शिविर में विभिन्न शारीरिक, सांस्कृतिक एवं प्रशिक्षण गतिविधियों का आयोजन किया गया था। आकांक्षा ने सभी गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण पदक हासिल किए। उनकी इस सफलता पर लगातार बधाइयों का सिलसिला जारी है।

आकांक्षा के पिता पप्पू सिंह निषाद, जो जनता दल (यू) के प्रदेश सचिव एवं भागलपुर विश्वविद्यालय के सीनेट सदस्य हैं, ने बेटी की सफलता पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि मेहनत, अनुशासन और समर्पण से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।

उन्होंने यह भी कहा कि बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ खेल, सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों में भी आगे बढ़ने का अवसर मिलना चाहिए। सही मार्गदर्शन और प्रोत्साहन मिलने पर युवा हर क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं।

आकांक्षा की इस उपलब्धि पर सामाजिक, राजनीतिक एवं शैक्षणिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....