नवगछिया पहुंची पूर्वोत्तर के 8 राज्यों की बाइक रैली, एसपी वैभव शर्मा भी हुए शामिल
राष्ट्रीय एकता और नशामुक्त भारत का संदेश लेकर निकले जवानों का नवोदय विद्यालय में हुआ स्वागत, 31 अक्टूबर को गुजरात में होगा अभियान का समापन
नवगछिया। राष्ट्रीय एकता और नशामुक्त भारत का संदेश लेकर निकली पूर्वोत्तर भारत के आठ राज्यों की टीम गुरुवार को बाइक रैली के क्रम में नवगछिया पहुंची। इस अभियान में नवगछिया के एसपी वैभव शर्मा भी शामिल हुए। रैली का उद्देश्य देश की एकता और अखंडता को मजबूत करना तथा युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना है।
Total Downloads: 414
जवाहर नवोदय विद्यालय, नगरपारा के पास रैली में शामिल जवानों का भव्य स्वागत किया गया। विद्यालय की छात्राओं ने वेलकम बैंड, नृत्य और गायन की आकर्षक प्रस्तुतियों से जवानों का उत्साह बढ़ाया। कार्यक्रम के दौरान उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला।
इस अवसर पर एसपी वैभव शर्मा और एसडीपीओ सायम रजा ने रैली में शामिल जवानों को मंजूषा पेंटिंग भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं और आम लोगों से नशे से दूर रहने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की गई।

अभियान का समापन 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर गुजरात में होगा। यह बाइक रैली देश के विभिन्न क्षेत्रों के लोगों को एकजुट होकर राष्ट्रीय एकता, अखंडता और नशामुक्त भारत के संकल्प को मजबूत करने के लिए प्रेरित कर रही है।
