नवगछिया/नारायणपुर : नारायणपुर प्रखंड अंतर्गत भवानीपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार को आकाशीय बिजली गिरने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब युवक अकहवा दियारा से अपने घर लौट रहा था। घटना के बाद परिजनों में चीत्कार मच गया और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, प्रखंड क्षेत्र में मंगलवार सुबह से ही मौसम खराब था। शाम करीब चार बजे आसमान में घने काले बादल छा गए और तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। इसी दौरान करीब 4:30 बजे प्रखंड मुख्यालय से सटे अकहवा दियारा के पास अचानक आकाशीय बिजली गिर गई।
इस हादसे में नगरपारा उत्तर पंचायत के वार्ड संख्या 8 स्थित कॉलेज टोला, नारायणपुर निवासी ओम प्रकाश यादव के 27 वर्षीय पुत्र जितेंद्र कुमार इसकी चपेट में आ गए। बिजली गिरने से जितेंद्र गंभीर रूप से झुलस गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

बताया जाता है कि मृतक जितेंद्र कुमार मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन हरकत में आया। भवानीपुर थानाध्यक्ष शंभू कुमार ने बताया कि आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल नवगछिया भेजा जाएगा।
घटना की जानकारी मिलते ही पूर्व मुखिया नरेंद्र कुमार उर्फ भोपाली यादव और सामाजिक कार्यकर्ता सुमित कुमार यादव मौके पर पहुंचे। दोनों ने आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारियों से फोन पर बातचीत कर मृतक के परिजनों को शीघ्र सरकारी मुआवजा दिलाने की मांग की।

