नवगछिया । कोसी बराज के सभी फाटक खोल दिए जाने के बाद नवगछिया अनुमंडल में भी दहशत है। लोग रतजगा कर रहे हैं, प्रशासन ने हाई अलर्ट किया है तो सुरक्षित जगहों पर जाने की अपील भी की है। पहले से कोसी कछार के कई गांवों टोलों बाढ़ का पानी है। अब फिर से उफनाई कोसी कहर बरपा सकती है। आशंका है कि कोसी के इस रौद्र रूप से नवगछिया के काफी लोग प्रभावित होंगे।
Total Downloads: 166
क्योंकि नेपाल की तराई से निकली कोसी नवगछिया में गंगा से मिलती है। पहले भी कोसी से इस इलाके में भारी तबाही हो चुकी है। आशंका है कि कोसी के तलहटी में बसे भवनपुरा, रतनपुरा, कोर्चक्का, सकुचा, पुनामा प्रताप नगर, सहौरा, मदरौनी और चापर में भारी तबाही मच सकती है। कोसी के बाढ़ का पानी खरनयी नदी के रास्ते नवगछिया बाजार में भी घुसकर तबाही मचा सकती है।
हाई अलर्ट के बाद कोसी किनारे रहनेवाले गावों के लोग अपने लिए सुरक्षित स्थानों की तालाश में जुट गए हैं। पानी के घिरे लोग किसी तरह बाहर निकल रहे हैं। वहीं कुछ लाचार लोग ऐसे भी हैं जो जलस्तर बढ़ने का इंतजार कर रहे हैं।

पूरे नवगछिया अनुमंडल में अगर कोसी का रौद्र रूप कहर बनकर टूटा तो लगभग 60 से 80 हजार लोग प्रभावित हो सकते हैं। इसमें नवगछिया बाजार का भी कुछ इलाका शामिल होगा। अभी चौकीदार, अंचलकर्मियों के जरिये लोगों से सुरक्षित ठिकाने पर जाने की अपील की जा रही है।
