एनएच-31 पर दर्दनाक सड़क हादसा, बाइक सवार युवक की मौत, पत्नी गंभीर रूप से घायल

नवगछिया/गोपालपुर: नवगछिया के गोपालपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-31 पर अंभो के समीप सोमवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला का इलाज अस्पताल में चल रहा है।

मृतक की पहचान गोपालपुर थाना क्षेत्र के पचरुखी निवासी हरी कुमार (25 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह अपनी पत्नी मौसम कुमारी के साथ बाइक से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार हाईवा ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि हरी कुमार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी के सिर में गंभीर चोट आई है।

स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही गोपालपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

परिजनों ने बताया कि हरी कुमार हैदराबाद में काम करते थे और कुछ दिन पहले ही घर लौटे थे। परिवार में हाल ही में बड़े पिता के निधन के कारण वह गांव आए हुए थे। उनकी शादी 25 नवंबर को घोघा में हुई थी।

पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। वहीं हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....