नवगछिया। विक्रमशिला सेतु क्षतिग्रस्त होने के बाद नवगछिया इलाके में शादी-ब्याह का रंग भी बदल गया है। अब दूल्हे बारातियों के साथ नाव पर सवार होकर गंगा पार कर शादी करने जा रहे हैं। बुधवार को तेतरी और बोरवा गांव से दो दूल्हे महादेवपुर घाट से नाव के जरिए गंगा पार कर अपनी दुल्हन लेने पहुंचे।

तेतरी निवासी भगीरथ मंडल के पुत्र नीतीश कुमार की शादी घोघा निवासी पागो मंडल की पुत्री सविता कुमारी से हुई, जबकि बोरवा निवासी दिनेश मंडल के पुत्र रमण कुमार का विवाह सबौर के बाबूपुर निवासी कपिलदेव मंडल की पुत्री रीमा कुमारी के साथ संपन्न हुआ।

दूल्हा रमण कुमार ने बताया कि यह शादी उनके लिए जिंदगी भर यादगार रहेगी। दूल्हा बारातियों के साथ नाव पर सवार होकर गंगा पार करने निकला। इस दौरान कमर में बंधी तलवार लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी रही। नाव पर डीजे और लोकगीतों की धुन पर बाराती जमकर झूमे।

“नाव पर होके सवार चलेला दूल्हा यार, कमरिया में बंधे तलवार…” जैसे गीतों से महादेवपुर घाट गूंज उठा। नाव पर सजी अनोखी बारात को देखने के लिए घाट पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। नाविकों ने बारातियों को सुरक्षित गंगा पार कराया।

ग्रामीणों का कहना है कि आधुनिकता के इस दौर में भी दियारा क्षेत्र की यह परंपरा लोगों को अपनी संस्कृति, मिट्टी और लोकजीवन से जोड़े हुए है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....