नवगछिया। खरीक प्रखण्ड के कोसी पार लोकमामपुर के सिंहकुण्ड में कटाव निरोधी कार्य शुरू नहीं होने से आक्रोशित लोगों ने भाजपा के बिहपुर विधायक कुमार ई शैलेन्द्र को बंधक बना लिया। विधायक भाजपा के भागलपुर में सोमवार को होने वाले आठ साल बेमिसाल कार्यक्रम में लोगों को नुक्कड़ सभा के माध्यम से जागरूक करने आये थे।
Total Downloads: 206
सभा खत्म होते ही आक्रोशित ग्रामीणों ने विधायक को बंधक बना कर प्राथमिक विद्यालय आजादनगर सिंहकुण्ड में एक कमरे में बैठा दिया। विधायक का मोबाइल भी ग्रामीणों ने छीन लिया। बाद में लौटा दिया। घटना की सूचना पर एसपी सुशांत कुमार सरोज ने एसडीपीओ दिलीप कुमार को घटनास्थल पर भेजा। एसडीपीओ के साथ-साथ छह थानों की पुलिस भी मौके पर पहुंची। विधायक ने कहा कि जल संसाधन विभाग के कार्यपालक अभियंता ने मुख्य अभियंता से बात कर कटाव निरोधी कार्य शुरू किए जाने का आश्वासन दिया है। कार्यपालक अभियंता और एसडीपीओ के आश्वासन पर ग्रामीणों ने विधायक को मुक्त किया। एसपी के निर्देश पर दियरा पहुंचे एसडीपीओ दिलीप कुमार ने लोगों को समझा-बुझाकर विधायक को सुरक्षित बिहपुर लाया।
अनशन पर भी बैठे विधायक :
विधायक ने कहा कि अगर आजादनगर क़ई जनता भी मुझे छोड़ देगी तो भी मैं अनशन पर रहूंगा क्योंकि अब तक कोई पदाधिकारी मुझसे बात करने नहीं आए हैं।

कटाव निरोधी कार्य में भेदभाव का आरोप:
सिहकुण्ड और लोकमानपुर की महिलाओं का कहना था कि सैदपुर, इस्माइलपुर में हर साल करोड़ों की लागत से कटाव निरोधी कार्य हो रहे हैं। यहां गरीबों के घर कट रहे हैं लेकिन कटाव निरोधी कार्य शुरू नहीं हुआ।
20 साल में पहली बार ऐसी घटना घटी : विधायक
बिहपुर विधायक कुमार ई शैलेन्द्र ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार के 8 साल बेमिसाल कार्यक्रम के तहत दो माह से लगातार घूम-घूम कर लोगों को जागरूक कर रहे हैं। भागलपुर के लाजपत पार्क में होने वाली सभा को लेकर लोगों को बताने आए थे। सभा खत्म होने के बाद अचानक कुछ लोगों ने मुझे घेर लिया और कहने लगे जबतक कटाव निरोधी कार्य शुरू नहीं होता तब तक आपको यहां बंधक बनाकर रखेंगे। उन लोगों ने मुझे नजरबंद कर लिया। विधायक ने कहा कि 20 साल में पहली बार मेरे साथ ऐसी घटना घटी है।
विधानसभा में भी उठाया कटाव निरोधी कार्य का मामला
लोकमानपुर के प्राथमिक विद्यालय आजाद नगर में एक रूम में हमको बैठा दिया गया। उन्होंने कहा कि मैंने विधानसभा में भी इलाके में कटाव निरोधी कार्य चलाए जाने का मामला उठाया था। जल संसाधन मंत्री , माननीय मुख्यमंत्री को भी कटाव की जानकारी दी थी, फिर भी किसी कारणवश कटाव निरोधी कार्य शुरू नहीं हो सका। लोग आक्रोशित थे पुलिस मेरे साथ थी फिर भी उग्र भीड़ नहीं मानी । मैंने संयम से काम लिया। विधायक ने बताया कि उन्होंने लोकमानपुर,सिंहकुंड मैरचा, ढोढ़ीया दादपुर, गोविंदपुर मुसहरी में कटाव हो रहा है। मैरचा में लगातार घर कट रहे है लोकमानपुर में भीषण कटाव हो रहा था। इसके बाबजूद कटाव निरोधी कार्य शुरू नहीं हो पाया। जिस कारण जनता आक्रोशित थी,लोगों को काफी समझाने बुझाने के बाद भी लोग मान नहीं रहे थे।
कहते है मुख्य अभियंता
जल संसाधन विभाग के मुख्य अभियंता अनिल कुमार ने बताया कि सोमवार को कार्यपालक अभियंता नवगछिया दिनेश कुमार ने कटाव स्थलों का निरीक्षण करेंगे। उनकी रिपोर्ट के आधार पर कटाव निरोधी कार्य शुरू करवाया जाएगा।
