कुरसेला पुल के समीप शनिवार की देर शाम अपराधियों ने शराब तस्करी में जब्त नाव को छुड़ाने के लिए पुलिस पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दी। अपराधियों ने पुलिस पर करीब एक सौ राउंड से ज्यादा गोलियां चलाईं। खुद को घिरता देख पुलिसवालों ने भी जवाबी फायरिंग की। पुलिस ने करीब 25 राउंड गोलियां चलाईं।

दोनों ओर से करीब सवा सौ राउंड की गोलीबारी में किसी ओर से हताहत की सूचना नहीं मिली है। अंधेरे का फायदा उठाकर बदमाश सुरक्षित निकल गए। बाद में नदी थाना की पुलिस की सूचना पर मौके पर पहुंची चार-पांच थानों की टीम ने इलाके की टोह ली। लेकिन कोई बदमाश नहीं पकड़ा जा सका है। मामले में अज्ञात बदमाशों पर नदी थाना में एफआईआर दर्ज की गई है।

25 के आसपास थे बदमाश गिरोह का पता नहीं चल सका

बताया जाता है कि कुछ दिन पहले पुलिस ने जलमार्ग से शराब की तस्करी में नाव को जब्त किया था। नदी थाने ने जब्त नाव को गोपालपुर थाने के करारी तीनटंगा घाट पर रखा था। इस नाव को शनिवार शाम नदी थाने के पुलिसकर्मी करारी तिनटंगा घाट से कुरसेला पुल होते हुए बिसपुरिया स्थित नदी थाना ला रहे थे। पुल के उत्तरी हिस्से के समीप नदी किनारे करीब 25 की संख्या में हथियारबंद अपराधी घात लगाकर बैठे हुए थे।

जैसे ही नाव पुल के उत्तरी हिस्से से गुजरी तभी पहले से घात लगाए बैठे अपराधियों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। अपराधियों की मंशा पुलिस से नाव को मुक्त कराने की थी। अंधाधुंध फायरिंग देख पुलिस ने भी मोर्चा संभाला और जवाबी कार्रवाई में फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने आनन-फानन में नाव को मोड़कर वापस पुल के दक्षिणी हिस्से में लगा दिया।

एफआईआर को लेकर क्षेत्र विवाद में उलझी नदी थाना व कुरसेला पुलिस

मोर्चा संभाल रहे पुलिस ने मुठभेड़ की सूचना नवगछिया एसपी, डीएसपी और सीनियर पदाधिकारियों को दी। जिसके बाद एसपी स्वप्नाजी मेश्राम के निर्देश पर एसडीपीओ दिलीप कुमार के नेतृत्व में नवगछिया आदर्श थाना, गोपालपुर, रंगरा व कटिहार व कुरसेला पुलिस सहित लगभग 4 दर्जन पुलिस बलों के साथ अपराधियों की घेराबंदी की गई। पुलिस की सघन घेराबंदी देख सभी अपराधी अंधेरे का फायदा उठाकर उत्तर दिशा की ओर भाग निकले।

बदमाशों के भागने के बाद कड़ी सुरक्षा में पुलिस ने जब्त नाव नदी थाना में लाकर लगाया। घटना के बाद एफआईआर के लिए नवगछिया पुलिस व कुरसेला थाना के बीच क्षेत्र विवाद को लेकर मामला उलझ गया। बाद में नवगछिया डीएसपी दिलीप कुमार ने नदी थाने में अज्ञात अपराधियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश दिया।

input: bhaskar

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *