भागलपुर। आने वाले दिनों में मायागंज स्थित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल (जेएलएनएमसीएच) से मरीजों का लोड घट जाएगा। यहां मुंगेर और खगड़िया से आने वाले मरीज नहीं के बराबर आएंगे। क्योंकि दोनों जिले में मेडिकल कॉलेज खोलने की तैयारी चल रही है। राज्य सरकार ने मुंगेर में मेडिकल कॉलेज खोलने की घोषणा भी कर दी, लेकिन यहां जमीन का चयन नहीं हो पाया है। वहीं, खगड़िया में आधिकारिक रूप से घोषणा तो नहीं हुई है लेकिन पसराहा में एनएच किनारे की जमीन की रिपोर्ट राज्य सरकार को सोमवार को भेजी जाएगी।
Total Downloads: 160
पसराहा के सौढ़ में खोजी गई 183 एकड़ सरकारी जमीन
खगड़िया के परबत्ता सीओ अंशु प्रसून में बताया कि परबत्ता अंचल के सौढ़ मौजा में खाता संख्या 1160, खसरा 190 की 183 बीघा चार कट्टा नौ धूर सरकारी जमीन है जो मेडिकल कालेज के लिए चिह्नित कर दी गई है। मेडिकल कॉलेज के निर्माण का प्रस्ताव भी डीएम को भेज दिया गया है। गैरमजरूआ जमीन पर अवैध कब्जा हटाकर चिह्नित जमीन पर पीलर खड़ा किया गया है। इस बड़े भूखंड में मेडिकल कॉलेज निर्माण के लिए 30 एकड़ जमीन की रिपोर्ट डीएम द्वारा सरकार को भेजा जाना है।
मुंगेर में जमीन पर पेच, गढ़ीरामपुर में ज्यादा संभावना
दो दिन पहले सरकार ने मुंगेर में 150 बेड के मेडिकल कॉलेज निर्माण की घोषणा की थी। हालांकि यहां जमीन फाइनल नहीं हुआ है। संग्रामपुर के पतघाघर में 32.55 एकड़ सरकारी जमीन के अलावा जमालपुर प्रखंड की खाली पड़ी सरकारी जमीन, सूर्यगढ़ा रोड स्थित इंदरुख और गढ़ीरामपुर के समीप पहाड़ के नीचे वाली निजी जमीन चिह्नित की गई। गढ़ीरामपुर में ही ज्यादा संभावना है। यहां से जमालपुर, बरियारपुर, जिला मुख्यालय, धरहरा, खड़गपुर आदि आसपास हैं। इस जगह से लखीसराय के लोगों को भी काफी सुविधा होगी। लखीसराय यहां से आधे घंटे की दूरी पर है। वहीं खगड़िया दक्षिणी और बेगूसराय उत्तरी इलाके के मरीजों को श्रीकृष्ण सेतु के रास्ते एक घंटा के अंदर मरीजों को भर्ती किया जा सकता है।

पसराहा में मेडिकल कॉलेज खुलने से नवगछिया को बड़ा फायदा
परबत्ता के विधायक डॉ. संजीव कुमार ने बताया कि आगामी कैबिनेट में खगड़िया में भी मेडिकल कॉलेज की घोषणा हो जाएगी। यह सूबे का पहला मेडिकल कॉलेज अस्पताल बनेगा, जो एनएच किनारे होगा। इससे खगड़िया के अलावा नवगछिया पुलिस जिला को भी फायदा मिलेगा। नारायणपुर, बिहपुर व खरीक प्रखंड से पसराहा नजदीक है। 150 बेड के हॉस्पिटल व एनएच किनारे ट्रामा सेंटर खुलने से काफी आसानी होगी।
