नवगछिया में स्थित गोपालपुर प्रखंड में गंगा नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया है। इस्माइलपुर गोपालपुर ब्रह्मोत्तर बांध के पास नदी का बढ़ता जलस्तर चिंता का विषय बन गया है। पानी का दबाव लगातार बढ़ रहा है।
Total Downloads: 426
तटबंध की स्थिति सुरक्षित नहीं होने से गोपालपुर पंचायत क्षेत्र में बाढ़ का खतरा उत्पन्न हो गया है। स्थानीय प्रशासन को तटबंध की सुरक्षा को लेकर तत्काल कदम उठाने की आवश्यकता है। यदि समय रहते उचित कार्रवाई नहीं की गई तो आसपास के क्षेत्रों में बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।
वही इस्माइलपुर गोपालपुर प्रखंड स्थित बिंद टोली गांव में गंगा नदी ने रविवार देर रात कटाव शुरू कर दिया। स्पर संख्या 9 के डाउनस्ट्रीम में करीब 55 मीटर क्षेत्र में कटाव हो रहा है।

जल संसाधन विभाग के अभियंता मौके पर पहुंच गए हैं। वे बालू से भरी बोरियों से कटाव रोकने का प्रयास कर रहे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले साल भी यहां भारी कटाव हुआ था। इस बार जहाज घाट की तरफ तेजी से जमीन कट रही है।
कार्यपालक अभियंता गौतम कुमार ने बताया कि स्पर के पास 55 मीटर का नोज कटा है। बालू भरी बोरियों से बेस बनाकर कटाव रोका जा रहा है। शाम तक स्थिति को नियंत्रण में लाने का प्रयास है।
जिला परिषद सदस्य विपिन कुमार मंडल ने चेतावनी दी है। उनका कहना है कि विभाग की कार्रवाई धीमी रही तो स्थिति बिगड़ सकती है। क्षेत्र के कई हिस्सों में सुरक्षा कार्य नहीं हुए हैं।
गंगा का जलस्तर इस्माइलपुर-बिंद टोली क्षेत्र में खतरे के निशान से ऊपर है। पिछले एक सप्ताह से जलस्तर बढ़ रहा है। नदी का दबाव तटबंधों पर लगातार बढ़ता जा रहा है। इससे बाढ़ और कटाव का खतरा बना हुआ है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द और स्थायी समाधान की मांग की है। वे नहीं चाहते कि भविष्य में यह क्षेत्र किसी बड़ी आपदा का सामना करे।
