नारायणपुर : नारायणपुर के नवटोलिया काली मंदिर घाट पर रविवार की सुबह गंगा स्नान करने गई दो बहन डूब गई। एसडीआरएफ की टीम शाम तक दोनों बच्चियों को ढूंढ़ती रही, लेकिन पता नहीं चल सका। दोनों बच्चियों की पहचान नवटोलिया गांव निवासी बाबुल झा की पुत्री के रूप में हुई है। डूबने वाली 15 वर्षीय मौसम कुमारी कक्षा 11 की छात्रा है, वहीं सात वर्षीय परी कुमारी कक्षा दो में पढ़ती है। बताया जाता है कि सुबह भादो पूर्णिमा के अवसर पर दोनों बहन मां, नानी और मौसेरी बहन व एक अन्य के साथ नवटोलिया काली मंदिर घाट गंगा स्नान करने के लिए गई थी।
स्नान करने के दौरान गंगा किनारे रखी बोरी पर से परी कुमारी का पैर फिसल गया और वह डूबने लगी। बचाने के लिए बड़ी बहन मौसम कुमारी भी गंगा में छलांग लगा दी, जिसमें वह भी डूब गई। मौसेरी बहन ने भी उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन खतरा देख वह वापस लौट गई। घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीणों और परिजनों ने भवानीपुर पुलिस व सीओ विशाल अग्रवाल को सूचना दी।
ग्रामीणों ने बताया कि घटना के बाद डूबी बच्चियों की खोजबीन में काफी देरी हो गई। दोपहर एक बजे तक घाट पर कोई नहीं पहुंचा था। दो बजे एसडीआरएफ की टीम पहुंची और डूबी बच्चियों की खोजबीन शुरू की। लेकिन शाम सात बजे तक टीम को सफलता नहीं मिल सकी। परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण गंगा घाट पर मौजूद थे।

दोनों बच्चियों की मां व अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। अंचलाधिकारी विशाल कुमार ने बताया कि दोनों डूबी बच्चियों की खोजबीन एसडीआरएफ की टीम कर रही है। वहीं बताया गया कि जिस समय यह घटना हुई पास में मौजूद एक ई-रिक्शा चालक ने बच्चियों को बचाने का भरसक प्रयास किया।

