नवगछिया : पूर्णिया के भवानीपुर थाना क्षेत्र स्थित NH-31 पर शनिवार तड़के दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार पिकअप सड़क किनारे खड़ी ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और ड्राइवर केबिन में बुरी तरह फंस गया।

मृतक की पहचान समस्तीपुर निवासी दिलीप यादव के रूप में हुई है, जबकि खलासी मनोज गंभीर रूप से घायल है। उसका इलाज रेफरल अस्पताल में चल रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद ड्राइवर करीब चार घंटे तक केबिन में फंसा रहा और लगातार मदद की गुहार लगाता रहा। वह लोगों से कहता रहा, “मेरा दम घुट रहा है, मुझे जल्दी निकालो।” आसपास के लोग मदद के लिए पहुंचे और काफी कोशिश की, लेकिन उसे बाहर नहीं निकाल सके। आखिरकार दम घुटने से उसकी मौत हो गई।

देवघर निवासी ट्रक चालक सर्वेश कुमार ने बताया कि वह मक्का लोड कर कुरसेला से छत्तीसगढ़ जा रहा था। रात करीब 12 बजे ट्रक का ब्रेकडाउन हो गया, जिसके बाद उसने वाहन सड़क किनारे खड़ा कर दिया। शनिवार सुबह करीब 4 बजे नारायणपुर से नवगछिया की ओर जा रही तेज रफ्तार पिकअप सीधे ट्रक में जा घुसी।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद पुलिस करीब चार घंटे बाद मौके पर पहुंची। बाद में किसी तरह ड्राइवर को केबिन से निकालकर अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

भवानीपुर थानाध्यक्ष ने बताया कि पिकअप में गाजर और चुकंदर लोड था। घायल खलासी का इलाज जारी है। दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....