नवगछिया : भवानीपुर थाना क्षेत्र के बलहा राईन टोला में ताजिया जुलूस निकालने को लेकर दो गुटों में हिंसक झड़प हो गई। इस दौरान ईंट-पत्थर और तलवारों का इस्तेमाल किया गया, जिसमें 15 से 20 लोग घायल हो गए। भवानीपुर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए घायलों को नारायणपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया।
स्थिति बिगड़ते देख नवगछिया एसपी और एसडीपीओ मौके पर पहुंचे और हालात पर काबू पाया। भवानीपुर थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर महेश कुमार ने बताया कि शनिवार को नौवें दिन का ताजिया जुलूस मो. ग्यास अली और मो. कारे के बिना शांतिपूर्ण तरीके से निकाला गया था। दोनों को जुलूस में शामिल होने से मना किया गया था।
इसके बावजूद रविवार की सुबह 10 बजे दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया। खलीफा अलाउद्दीन ने मो. ग्यास अली, मो. आबिद, मो. समसुल उर्फ कारे सहित 20 लोगों के खिलाफ भवानीपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज की है। ग्रामीणों का कहना है कि मस्जिद कमेटी के धन गबन को लेकर दोनों परिवारों और गांववालों के बीच विवाद चल रहा है।

ग्रामीणों ने मांग की है कि कमेटी का हिसाब-किताब सार्वजनिक किया जाए, लेकिन मो. ग्यास और मो. कारे इसका हिसाब देने को तैयार नहीं हैं। थानाध्यक्ष ने बताया कि जुलूस समाप्त होने के बाद दोनों पक्षों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।

