नवगछिया के रंगरा थाना क्षेत्र अंतर्गत जहांगीरपुर बैसी में शुक्रवार को तेज गति से वाहन चलाने को लेकर हुए विवाद में दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई। इस घटना में चार लोग घायल हो गए।
घायलों की पहचान मो. साहब, मो. आजाद, साकिस्ता बेगम और जरेल खातून के रूप में हुई है। सभी घायलों का इलाज नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल में कराया गया।
घायलों ने बताया कि रास्ते पर तेज गति से गाड़ी चलाने को लेकर मो. एजाजुल मंसूरी से कहासुनी हो गई थी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोप है कि सारनी मंसूरी, नसरुद्दीन मंसूरी, अब्बू मंसूरी, सलाउद्दीन मंसूरी, सांसद मंसूरी और अहमद मंसूरी ने चारों के साथ मारपीट की, जिससे वे घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

