बिहपुर/भागलपुर। बिहपुर प्रखंड के दयालपुर में स्थित फिशरीज सेंटर का उद्घाटन जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने फीता काटकर किया। इस सेंटर को मत्स्यिकी आधारित मनोरंजन एवं पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया गया है।
Total Downloads: 170
इस रीक्रिएशनल फिशरीज सेंटर में फिश स्पा, ऑर्नामेंटल फिश डिस्प्ले, मछली व्यंजन युक्त रेस्टोरेंट, एक एकड़ का तालाब (बोटिंग सुविधा सहित), चिल्ड्रन पार्क, पाथवे और मछली पकड़ने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि दक्षिण भारत में छोटे-छोटे एक्वेरियम और मत्स्य गतिविधियों से लोग अच्छा रोजगार कर रहे हैं। भागलपुर में अपार संभावनाएं हैं और इसे मछली उत्पादन का हब बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल जैसे पड़ोसी राज्यों में मछली की भारी मांग है, जिसका लाभ स्थानीय स्तर पर उठाया जाना चाहिए।

डीएम ने कहा कि एनएच किनारे स्थित यह केंद्र यात्रियों के लिए विश्राम और मनोरंजन का बेहतर स्थल बनेगा। यहां लोग रुककर आराम, फोटोग्राफी, बच्चों के मनोरंजन और भोजन का आनंद ले सकेंगे।
उन्होंने बताया कि यह केवल शुरुआत है। जगतपुर क्षेत्र में जलचर, नौका विहार और डॉल्फिन पर्यटन को विकसित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि उसे एक प्रमुख पर्यटक केंद्र के रूप में विकसित किया जा सके।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने बायोफ्लॉक तालाब, आरएच और हेचरी का भी निरीक्षण किया। कार्यक्रम में नवगछिया एसडीएम, जिला मत्स्य पदाधिकारी कन्हैया कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
