नवगछिया रेलवे स्टेशन पर बुधवार को न्यू तीनसुकिया–अमृतसर एक्सप्रेस (15933/15934) का ठहराव शुरू हो गया। इस अवसर पर सांसद अजय कुमार मंडल ने स्टेशन पर पहुंचकर ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान स्टेशन परिसर में स्थानीय लोगों और कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
यह सुविधा नवगछिया के लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग थी, जो अब पूरी हो गई है। रेल मंत्रालय की स्वीकृति और सांसद अजय मंडल के प्रयासों से इस ठहराव की सुविधा संभव हो पाई। स्थानीय लोगों ने सांसद अजय मंडल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस ठहराव से क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी और यात्रियों को काफी सुविधा होगी।
कार्यक्रम में युवा जिला अध्यक्ष कुणाल गुप्ता, चंदेश्वरी सिंह, शाहिद रजा, चिरंजीवी राय समेत कई कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद थे। सभी ने इस ठहराव को नवगछिया के लिए ऐतिहासिक क्षण बताते हुए सांसद के प्रयासों की सराहना की।


